रायपुर में प्रदेश स्तरीय बैठक, मांगें नहीं मानी गईं तो चरणबद्ध आंदोलन का ऐलान
रायपुर, 18 अप्रैल 2026 बुलंद टाइम्स के लिए अनीश मिश्रा, जिला ब्यूरो चीफ, रायपुर की रिपोर्ट
छत्तीसगढ़ में स्वामी आत्मानंद विद्यालयों में कार्यरत संविदा शिक्षक एवं कर्मचारी एक बार फिर अपने स्थायीकरण की मांग को लेकर आंदोलन की राह पर बढ़ते नजर आ रहे हैं। राजधानी रायपुर के कर्मचारी भवन, शहीद भगत सिंह चौक, तेलीबांधा में आयोजित प्रदेश स्तरीय बैठक में इस मुद्दे पर अहम रणनीति तैयार की गई।
बैठक का नेतृत्व संघ के प्रदेश अध्यक्ष दुर्योधन यादव ने किया, जिसमें प्रदेश, संभाग और जिला स्तर के पदाधिकारी बड़ी संख्या में शामिल हुए। इस दौरान कमल वर्मा की विशेष उपस्थिति रही, जिन्होंने संघ की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
बैठक में संविदा शिक्षकों और कर्मचारियों की सेवा सुरक्षा, नियमितीकरण, समायोजन और सीधी भर्ती में प्राथमिकता जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। संघ ने स्पष्ट संकेत दिए कि यदि शासन ने जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया, तो प्रदेशभर में चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया जाएगा, जिसकी तिथि जल्द घोषित होगी।
संघ पदाधिकारियों ने कहा कि अब वक्त आ गया है कि सभी सदस्य एकजुट होकर अपने अधिकारों के लिए निर्णायक लड़ाई लड़ें। उन्होंने संगठन को मजबूत करने के लिए सभी साथियों से सक्रिय भागीदारी की अपील की।
कार्यक्रम के अंत में संघ द्वारा चंद्रशेखर तिवारी, पंकज पांडे, पीताम्बर पटेल, उमेश मुदलियार सहित अन्य अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया।



