अमित दुबे की रिपोर्ट :-
रतनपुर। धार्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र बूढ़ा महादेव मंदिर एक शर्मनाक घटना का साक्षी बना, जहां जिला कोरबा से आए हुए श्रद्धालु रेखा सिंह /पति गिरजानंद सिंह के पर्स से अज्ञात महिला ने पर्स खोलकर पैसों की चोरी कर ली। यह घटना मंदिर के गर्भगृह में हुई, जहां श्रद्धालु पूजा-अर्चना में लीन थी।
चोरी की यह घटना मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में स्पष्ट रूप से कैद हुई है, जिसमें एक संदिग्ध महिला को पर्स से पैसे निकालते हुए देखा जा सकता है। मंदिर प्रबंधन द्वारा फुटेज पुलिस को सौंप दिया गया है और अज्ञात महिला की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी गई है।
इस तरह की घटना से श्रद्धालुओं में आक्रोश और चिंता का माहौल है। लोगों का कहना है कि मंदिर जैसे पवित्र स्थल पर इस प्रकार की वारदातें धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाती हैं। मंदिर समिति ने सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने की बात कही है, साथ ही श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अपने सामान की सुरक्षा स्वयं सुनिश्चित करें।
रतनपुर थाना पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच प्रारंभ कर दी है और जल्द ही आरोपी महिला की पहचान कर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।



