विकास भुवाल ब्यूरो चीफ की रिपोर्ट :-
बेमेतरा /स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर बेमेतरा ज़िला मुख्यालय का माहौल देशभक्ति की भावना से सराबोर रहा, जब शहर की सड़कों पर स्वतंत्रता और एकता का संदेश लेकर स्वतंत्रता दौड़ का आयोजन किया गया। इस ऐतिहासिक अवसर पर जनप्रतिनिधियों से लेकर विद्यार्थियों तक, सभी वर्गों के लोगों ने एक साथ कदम मिलाए और राष्ट्रीय पर्व का उल्लास मनाया|

दौड़ का शुभारंभ जय स्तंभ चौक से हुआ, जिसे विधायक श्री दीपेश साहू ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर कलेक्टर और जिला पंचायत सीईओ ने भी स्वयं दौड़ में शामिल होकर जनता का उत्साह बढ़ाया। रूट में सिग्नल चौक, बस्ती चौक, दुर्गा मंदिर, गौरव पथ, राम मंदिर और भारत माता चौक जैसे प्रमुख स्थलों से होते हुए पुनः जय स्तंभ चौक पर इसका समापन हुआ। मार्ग के दोनों ओर खड़े लोगों ने प्रतिभागियों का जोश बढ़ाया, वहीं अनेक स्थानों पर तिरंगा लहराते हुए बच्चों और युवाओं ने “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के नारों से वातावरण गूंजा दिया।
इस अवसर पर शहर में स्थापित सेल्फ़ी प्वाइंट्स पर लोगों ने तिरंगे के साथ तस्वीरें लीं, वहीं कैनवास बोर्ड पर प्रतिभागियों और नागरिकों ने स्वतंत्रता, एकता और सद्भावना के संदेश लिखे।
विधायक दीपेश साहू ने कहा —
आजादी का यह पर्व केवल हमारे इतिहास का गौरव नहीं, बल्कि हमारे भविष्य की जिम्मेदारी भी है। हमारे पूर्वजों ने कठिन संघर्ष और बलिदान देकर हमें यह स्वतंत्रता दिलाई है, और अब यह हमारी जिम्मेदारी है कि हम इसे और सशक्त बनाएं। यह स्वतंत्रता दौड़ हमें याद दिलाती है कि जब हम सब एक लक्ष्य और एक भावना के साथ आगे बढ़ते हैं, तो कोई भी चुनौती हमें रोक नहीं सकती। इस दौड़ में हर उम्र, हर वर्ग और हर समुदाय का साथ आना इस बात का प्रमाण है कि बेमेतरा में एकता की भावना कितनी मजबूत है। हमें देश की प्रगति के साथ-साथ अपने शहर और गांवों को स्वच्छ, सुंदर और सुरक्षित बनाने का संकल्प भी लेना चाहिए, ताकि आने वाली पीढ़ियां गर्व से कह सकें — यह हमारा भारत है, यह हमारा छत्तीसगढ़ है।”मैं सभी युवाओं से आह्वान करता हूँ कि वे देश के विकास और समाज की प्रगति में सक्रिय योगदान दें, तभी हम अपने स्वतंत्र भारत को और अधिक सशक्त बना पाएंगे।”
पूर्व विधायक श्री अवधेश चंदेल ने कहा —
“हमारी आज़ादी असंख्य बलिदानों का परिणाम है। आज की यह स्वतंत्रता दौड़ हमें यह स्मरण कराती है कि हमें न केवल अपने अधिकारों बल्कि कर्तव्यों का भी पालन करना चाहिए। एकता और भाईचारा ही राष्ट्र को मजबूत बनाता है।”
जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती कल्पना योगेश तिवारी ने कहा —
“ग्रामीण हो या शहरी, हर व्यक्ति का देश के विकास में योगदान महत्वपूर्ण है। इस दौड़ में युवाओं और महिलाओं की सक्रिय भागीदारी देखकर खुशी होती है। यह पहल निश्चित रूप से समाज में सकारात्मक ऊर्जा और भाईचारे का संचार करेगी।”
कलेक्टर श्री रणबीर शर्मा* ने अपने उद्बोधन में कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव नहीं, बल्कि हमारे देश के लिए किए गए बलिदानों को स्मरण करने का अवसर है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि समाज में शांति, भाईचारे और राष्ट्रीय एकता को बनाए रखने में सभी अपनी भूमिका निभाएं। युवाओं को अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।आज की यह दौड़ उसी एकता और सामूहिक शक्ति का प्रतीक है, जो आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करेगी।”
दौड़ के समापन पर विधायक बेमेतरा श्री दीपेश साहू ने सभी को शांति, सद्भावना,स्वच्छता और राष्ट्रीय एकता बनाए रखने की शपथ दिलाई
स्वतंत्रता दिवस से एक दिन पहले आयोजित इस कार्यक्रम ने शहर को देशभक्ति के रंग में रंग दिया और हर गली-चौराहे पर तिरंगे की शान और एकता का संदेश गूंजता रहा। बेमेतरा ने इस स्वतंत्रता दौड़ के माध्यम से न केवल स्वतंत्रता का जश्न मनाया, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए एकता और देशप्रेम की मिसाल भी पेश की।
इस भव्य आयोजन में स्थानीय विधायक दीपेश साहू, पूर्व विधायक अवधेश चंदेल, जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना योगेश तिवारी, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि योगेश तिवारी, छत्तीसगढ़ तेलघानी बोर्ड के अध्यक्ष जितेंद्र साहू, कलेक्टर रणबीर शर्मा, जिला पंचायत सीईओ प्रेमलता मंडावी, अपर कलेक्टर डॉ अनिल बाजपेई, एडिशनल एसपी ज्योति सिंह एसडीएम,जनप्रतिनिधिगण सहित ज़िला स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी, ,स्कूली एवं महाविद्यालयीन छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।



