Oplus_131072
बुलंद टाइम्स न्यूज/अमित दुबे
बिलासपुर। जिले में अवैध नशे के कारोबार के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रतनपुर पुलिस को एक और महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए ग्राम लिम्हा के अंधियारीपारा चौक से एक व्यक्ति को 10 लीटर कच्ची महुआ शराब के साथ गिरफ्तार किया। जब्त की गई शराब की अनुमानित कीमत लगभग 2,000 रुपये बताई गई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के निर्देश पर जिले में अवैध शराब, गांजा एवं अन्य मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्रीमती मधुलिका सिंह एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) कोटा श्रीमती नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी रतनपुर निरीक्षक निलेश पाण्डेय के नेतृत्व में रतनपुर पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है।
दिनांक 05 अगस्त 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम अंधियारीपारा चौक, लिम्हा में एक व्यक्ति अवैध रूप से कच्ची महुआ शराब रखकर बिक्री कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी मेलू सिंह मरावी (60 वर्ष), पिता सुखराम मरावी, निवासी अंधियारीपारा, लिम्हा, थाना रतनपुर, जिला बिलासपुर को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 10 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की गई, जिसे मौके पर ही जब्त कर लिया गया। आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय, प्रधान आरक्षक अनिल सिंह, आरक्षक आकाश डोंगरे, देवानंद चंद्राकर एवं मोरध्वज चन्द्रा की विशेष भूमिका रही।
रतनपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध शराब एवं अन्य नशीले पदार्थों के कारोबार के विरुद्ध अभियान आगे भी इसी प्रकार लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध शराब या मादक पदार्थों की बिक्री की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि ऐसे असामाजिक तत्वों पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके।




