अमित दुबे की रिपोर्ट :-
रतनपुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर वार्ड क्रमांक 4 स्थित नूतन चौक के शासकीय स्कूल में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराकर आजादी का पर्व बड़े हर्ष और उल्लास के साथ मनाया गया। ध्वजारोहण का गौरव वार्ड के लोकप्रिय पार्षद सुनील अग्रवाल ‘संटी’ को प्राप्त हुआ।

कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगान के साथ हुआ, जिसके बाद स्कूल के बच्चों ने देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से वातावरण को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। पार्षद सुनील अग्रवाल ने अपने उद्बोधन में बच्चों को देश की एकता, अखंडता और भाईचारे को बनाए रखने का संकल्प दिलाया।
उन्होंने महात्मा गांधी, पंडित जवाहरलाल नेहरू सहित स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के अदम्य साहस और बलिदान को याद करते हुए कहा कि आज हम जिन स्वतंत्र सांसों का आनंद ले रहे हैं, वह इन वीरों की कुर्बानी का परिणाम है। उन्होंने युवाओं और विद्यार्थियों से इन महान विभूतियों के आदर्शों पर चलने की अपील की।

कार्यक्रम में वार्डवासियों, अभिभावकों, शिक्षकों और स्कूली बच्चों की उत्साहपूर्ण उपस्थिति रही। अंत में सभी ने “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के गगनभेदी नारों के साथ कार्यक्रम का समापन किया।



