अमित दुबे की रिपोर्ट :-
रतनपुर। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर नगर के शासकीय प्राथमिक उर्दू स्कूल परिसर में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा बड़े ही शान और सम्मान के साथ फहराया गया। वार्ड क्रमांक 12 के पार्षद हकीम मोहम्मद ने मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचकर तिरंगा फहराया और उपस्थित विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं गणमान्य नागरिकों को राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशभक्ति का संदेश दिया|
इस अवसर पर पार्षद हकीम मोहम्मद ने कहा कि तिरंगा केवल कपड़े का एक टुकड़ा नहीं, बल्कि यह हमारे देश की आन, बान और शान का प्रतीक है, जिसके लिए अनगिनत वीरों ने अपने प्राणों की आहुति दी। उन्होंने बच्चों को न केवल शिक्षा में बल्कि देशहित के कार्यों में भी आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।

कार्यक्रम में बच्चों ने देशभक्ति गीत, कविताएं और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर माहौल को पूरी तरह राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया। अंत में सभी ने मिलकर भारत माता की जय के नारे लगाए और एकजुट होकर देश की सेवा का संकल्प लिया।



