विकास भुवाल की रिपोर्ट से:-
बेमेतरा: जिले के कलेक्टर रणबीर शर्मा एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बेमेतरा रामकृष्ण साहू के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मती ज्योति सिंह के मार्गदर्शन में आज पुराना रेस्ट हाउस बेमेतरा के मीटिंग हाल में एसडीएम बेमेतरा प्रकाश भारद्वाज, एसडीओपी बेमेतरा मनोज तिर्की, थाना प्रभारी सिटी कोतवाली बेमेतरा निरीक्षक मयंक मिश्रा, तहसीलदार बेमेतरा अनिरूद्ध मिश्रा के द्वारा गणेश उत्सव के पावन पर्व को मद्देनजर रखते हुये
शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से शांति समिति की एक संयुक्त बैठक हुई। इस बैठक में ज़िला प्रशासन और पुलिस विभाग के अधिकारी के साथ-साथ नगर के गणमान्य नागरिक, गणेश उत्सव समिति के प्रतिनिधि और सदस्य भी उपस्थित थे। बैठक का मुख्य उद्देश्य गणेश उत्सव पावन पर्व के दौरान शांति और सद्भाव बनाए रखने के लिए समन्वय और सहयोग सुनिश्चित करना था।
बैठक में शहर/गांव में सौहार्द एवं शांति पूर्ण भगवान गणेश उत्सव के पावन पर्व को मनाने, साम्प्रदायिक, असामाजिक एवं रूढीवादी तत्वों पर सतत निगाह रखने, समिति के सदस्यों और वालंटियर्स का थाना स्तर पर चरित्र सत्यापन होना जरुरी है. साथ ही आपराधिक रिकॉर्ड वाले लोगों को समिति से दूर रखने को कहा गया है।
समिति के सभी सदस्यों के नाम, पता और मोबाइल नंबर की जानकारी पुलिस को देनी होगी, सभी वालंटियर्स और सदस्यों को बैच लगाना, आईडी पहनना अनिवार्य होगा। पंडालों में सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रुप से लगेंगे, पूरी रिकार्डिंग भी होनी चाहिए। पुलिस थाना और पुलिस अधिकारियों के नंबर वाले फ्लैक्स लगाने होंगे।
गणेश पडाल के चारों और समुचित प्रकाश व्यवस्था, पार्किंग स्थल पर भी पर्याप्त प्रकाश की व्यवस्था करनी होगी। पंडाल हेतु बिजली विभाग से अस्थायी कनेक्शन प्राप्त करें, पंडाल में अच्छी गुणवत्ता की वायरिंग करवाएं, ताकि शार्ट सर्किट न हो, पंडाल में ज्यादा आवाज में गाना न बजाएं, पंडाल में ऐसे गाने न बजाएं, जिससे किसी की धार्मिक भावनाएं आहत हों, शाम को आरती के समय अपने वॉलंटियर लगाएं, जो भीड़ को व्यवस्थित करें, यातायात संभालें, किसी प्रकार का अपराध घटित न हो।
यातायात बाधित न हो, इसकी जिम्मेदारी भी समिति की होगी, पंडाल में महिलाओं और बच्चों से संबंधित कोई अपराध हो या जुआ, शराब, नशा और सांप्रदायिक उपद्रव होता है तो उसकी पूरी जवाबदारी समिति की होगी। साउंड सिस्टम और डीजे बजाने के दौरान माननीय सुप्रीम कोर्ट के दिशा निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन करना होगा।
रात्रिकालीन धार्मिक सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अलावा किसी प्रकार का अश्लील डांस/नृत्य तथा अशोभनीय गानों का संचालन न हों जिससे किसी भी धर्म संप्रदाय के धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचे, इसका भी ध्यान रखने एवं इसके अलावा शासन, प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने, समिति के सदस्यों को किसी भी प्रकार का नशा इत्यादि का सेवन नही करने,
ना ही किसी प्रकार का अस्त्र, शस्त्र आयोजन के दौरान रखने, सभी सदस्यो को पंडाल लगाने, मूर्ति स्थापना के दौरान किसी प्रकार से यातायात/मार्ग अवरूद्ध व बाधित नहीं किये जाने तथा साम्प्रदायिक सौहार्द एवं कानून व्यवस्था बनाये रखने इत्यादि समझाईस देकर शांति पूर्वक भगवान गणेश उत्सव के पावन पर्व को मनाने की अपील कर शहर/गांव की सामाजिक सदभावना को हर हाल में बनाए रखने हेतु निर्देशित किया गया।
बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने प्रशासन का समर्थन किया और शांतिपूर्ण ढंग से गणेश उत्सव पर्व को मनाने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।



