अमित दुबे की रिपोर्ट :-
रतनपुर। धर्मनगरी रतनपुर में नगर पालिका परिषद क्षेत्र अंतर्गत संचालित हो रही थोक सब्जी एवं मछली मार्केट इन दिनों अव्यवस्थाओं का शिकार बनी हुई है। बाजार में न तो साफ-सफाई की उचित व्यवस्था है और न ही नालियों की सफाई की कोई नियमित व्यवस्था दिखाई दे रही है। जगह-जगह गंदगी, पानी का जमाव, दुर्गंध और मच्छरों के प्रकोप से व्यापारी और खरीदार दोनों ही परेशान हैं।
सब्जी व मछली व्यापारियों ने बताया कि प्रशासनिक उदासीनता के कारण बाजार परिसर में गंदगी और कीचड़ से हालत बद से बदतर होती जा रही है। वहीं, खुले में कचरा और सड़ी-गली सब्जियों के ढेर से स्वास्थ्य पर भी बुरा असर पड़ रहा है।
नगर पालिका प्रशासन मौन, संपर्क करने पर भी नहीं मिला जवाब
जब “बुलंद टाइम” की टीम ने इस विषय पर नगर पालिका परिषद रतनपुर के मुख्य नगरपालिका अधिकारी (CMO) से संपर्क करने का प्रयास किया, तो उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। इससे यह स्पष्ट झलकता है कि प्रशासन इस गंभीर समस्या को लेकर उदासीन रवैया अपनाए हुए है।

व्यापारियों में आक्रोश और वार्ड पार्षद ने उठाई आवाज़
स्थानीय सब्जी व्यापारी संघ के सदस्यों ने बताया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद नगर पालिका प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। वार्ड पार्षद ने भी बाजार की दुर्दशा पर नाराज़गी व्यक्त करते हुए कहा कि “लगातार शिकायतों के बावजूद नगर पालिका आंख मूंदकर बैठी है। व्यापारी रोजाना गंदगी और दुर्गंध के बीच व्यापार करने को मजबूर हैं। अगर जल्द सुधार नहीं हुआ, तो विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।”
रतनपुर जैसे ऐतिहासिक और धार्मिक नगर में प्रशासन की इस तरह की लापरवाही न केवल आम जनता के स्वास्थ्य के लिए खतरा है, बल्कि नगर की स्वच्छता छवि पर भी बट्टा लगा रही है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से शीघ्र संज्ञान लेकर बाजार की साफ-सफाई और व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है।



