जशपुर। थाना दुलदुला क्षेत्रांतर्गत ग्राम खूंटी टोली, कस्तूरा में एक युवक असलम एक्का (26 वर्ष) की अवैध हाई वोल्टेज तार से करंट लगने के कारण दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी खेत मालिक बलेरियम एक्का (53 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा।
दिनांक 23 सितंबर 2025 को मृतक असलम अपने खेत में जा रहे थे, तभी पास में लगे बलेरियम एक्का के सब्जी बाड़ी के चारों ओर नंगे तार में हाई वोल्टेज करंट की चपेट में आकर झुलस गए। पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी ने बिजली विभाग की अनुमति के बिना लगभग 800 मीटर दूर स्थित बिजली के खंभे से तार जोड़कर अपने खेत के चारों ओर करंट प्रवाहित किया था।
जांच और कार्यवाही:
पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया। रिपोर्ट में पुष्टि हुई कि मृतक की मृत्यु सोलर झटका मशीन के कारण नहीं, बल्कि हाई वोल्टेज करंट लगने से हुई। आरोपी के कब्जे से उपयोग किए गए तार को जप्त किया गया। आरोपी ने अपने कृत्य को स्वीकार किया। पुलिस ने उसे बी एन एस की धारा 105 के तहत अपराध दर्ज कर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा।
पुलिस की चेतावनी:
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह ने कहा कि घर और खेतों के चारों ओर अवैध रूप से नंगे तारों का उपयोग न करें। यह जान-माल के लिए गंभीर खतरा है और पुलिस ऐसे कृत्यों के खिलाफ कठोर कार्यवाही करेगी।
कार्यवाही में शामिल: थाना प्रभारी दुलदुला निरीक्षक कृष्ण कुमार साहू, महिला प्रधान आरक्षक चम्पा पैंकरा, प्रधान आरक्षक मोहन बंजारे, आरक्षक अकबर चौहान, विनोद राम और नगर सैनिक दुर्गा प्रसाद गौतम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।



