बालोद। साइबर अपराध पर नकेल कसते हुए बालोद पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। पीएम किसान योजना के नाम पर बीएसपी से रिटायर बुजुर्ग से ₹12,13,860 की ऑनलाइन ठगी करने वाले गिरोह के मुख्य फरार आरोपी को पुलिस ने मधुपुर (जिला देवघर, झारखंड) से गिरफ्तार किया है।
साइबर सेल और थाना डौंडी लोहरा की संयुक्त कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका ठाकुर और उप पुलिस अधीक्षक देवांश सिंह राठौर के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी डौंडी लोहरा निरीक्षक मुकेश सिंह के नेतृत्व में साइबर सेल और थाना टीम ने यह कार्रवाई की। आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर 15 अक्टूबर 2025 को जिला बालोद लाया गया।
ठगी का तरीका — APK फाइल से मोबाइल हैक
मामले में पीड़ित, जो बीएसपी से रिटायर कर्मचारी हैं, ने शिकायत दर्ज कराई थी कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके व्हाट्सएप पर PM KISAN APK फाइल भेजी, जिसे डाउनलोड करने के बाद उनका मोबाइल और व्हाट्सएप हैक हो गया। इसके बाद ठगों ने पीड़ित के मोबाइल नंबर का ई-सिम क्लोन बनाकर उसके बैंक खाते से ₹12,13,860 अलग-अलग यूपीआई एप्स के माध्यम से ट्रांसफर कर लिए।

तकनीकी विश्लेषण से मिला सुराग
पुलिस टीम ने बैंक ट्रांजैक्शन, केवाईसी डिटेल्स और मोबाइल डेटा का गहन विश्लेषण कर आरोपियों की पहचान की। पहले चरण में टीम ने बिहार के जमुई जिले से तीन आरोपियों —
- नीतीश कुमार दास (22)
- अरविंद कुमार दास (18)
- राकेश कुमार दास (21)
को गिरफ्तार किया था।
मुख्य आरोपी झारखंड से गिरफ्तार
मुख्य आरोपी विकास कुमार दास (23 वर्ष), निवासी ग्राम केसरगढ़ा, थाना मधुपुर, जिला देवघर (झारखंड) को टीम ने लोकल मुखबिर और झारखंड पुलिस की मदद से दबोचा। आरोपी के पास से विभिन्न डिजिटल पेमेंट कार्ड, पोस्ट बैंक एटीएम कार्ड और एक मोबाइल फोन जब्त किया गया।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी के खिलाफ पहले से देवघर साइबर थाना में अपराध क्रमांक 66/21 दर्ज है, जिसमें धारा 419, 420, 467, 468, 471, 120(B) IPC एवं 66(C), 66(D), 84(C) IT Act के तहत मामला चल रहा है।
पुलिस टीम का सराहनीय योगदान
गिरफ्तारी अभियान में थाना प्रभारी निरीक्षक मुकेश सिंह, साइबर सेल प्रभारी उप निरीक्षक धरम भुआर्य, प्रधान आरक्षक अरविंद यादव, आरक्षक संदीप यादव, पुरण देवांगन, योगेश पटेल, गुलझारी साहू, धर्मेंद्र सेन और ओम प्रकाश का विशेष योगदान रहा।
बालोद पुलिस लगातार साइबर अपराधियों पर कस रही शिकंजा
पिछले कुछ महीनों में बालोद पुलिस द्वारा दूसरे राज्यों से कई साइबर ठगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस अधीक्षक ने टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है और आम जनता से अपील की है कि अनजान लिंक्स या APK फाइल्स डाउनलोड न करें और किसी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल साइबर सेल या नजदीकी थाना में दें।



