गणेश भोय ब्यूरो चीफ जशपुर :-
जशपुर। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और सक्रियता से एक परिवार की चिंता खुशी में बदल गई। थाना नारायणपुर क्षेत्रांतर्गत 20 वर्षीय युवती के गुम होने के मामले में जशपुर पुलिस ने महज दो घंटे के भीतर उसे ढूंढ निकालने में सफलता पाई। युवती को सुरक्षित बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, 28 अक्टूबर को नारायणपुर थाना क्षेत्र के एक व्यक्ति ने अपनी बेटी के गुम होने की शिकायत दर्ज कराई थी। परिजनों ने बताया कि युवती 26 अक्टूबर की शाम बिना किसी को बताए घर से निकल गई थी। बाद में उसने एक अज्ञात नंबर से फोन कर बताया कि वह काम की तलाश में मुंबई जा रही है और संपर्क न करने की बात कही। इसके बाद उसका फोन स्विच ऑफ हो गया। परिजनों ने रिश्तेदारों और परिचितों के यहां खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए गुम इंसान दर्ज किया और युवती की तलाश शुरू की। पुलिस की टेक्निकल टीम ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर पता लगाया कि युवती ग्राम कलिया, सिहारडांड में मौजूद है। तुरंत कार्रवाई करते हुए थाना प्रभारी उप निरीक्षक राजकुमार कश्यप और उनकी टीम ने परिजनों के सहयोग से सिहारडांड क्षेत्र में तलाश की और सड़क पर चलते हुए युवती को सुरक्षित ढूंढ निकाला।
पूछताछ में युवती ने बताया कि वह काम की तलाश में मुंबई जाने के लिए घर से निकली थी और दो दिनों तक अपनी सहेली के घर पर रही। उसने स्पष्ट किया कि उसके साथ किसी तरह की अप्रिय घटना नहीं हुई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने मामले में शामिल पुलिस टीम की सराहना करते हुए कहा कि नारायणपुर पुलिस ने प्रोफेशनल अंदाज में कार्यवाही करते हुए मात्र दो घंटे में गुम युवती को खोज निकाला, जो पुलिस की सजगता और जिम्मेदारी का उदाहरण है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक राजकुमार कश्यप, आरक्षक अविनाश सोनी और अवीज खलखो की अहम भूमिका रही। पुलिस के इस तत्पर प्रयास से परिजनों ने राहत की सांस ली और टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।



