गणेश भोय ब्यूरो चीफ जशपुर :-
जशपुर। जिले के पत्थलगांव थाना क्षेत्र के ग्राम जोराडोल (सुगापारा) में लकड़ी लाने की बात को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति की मौत के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, मृतक इंदबल मांझी (40 वर्ष) निवासी ग्राम जोराडोल की 18 और 19 अक्टूबर 2025 को गांव के ही कुछ लोगों ने नर्सरी के जंगल से लकड़ी काटने की बात पर विवाद करते हुए मारपीट कर दी थी। आरोप है कि हृदन उर्फ हिरदन साय (36 वर्ष), डोमन साय मांझी (33 वर्ष), अशोक मांझी (35 वर्ष) और नईहर साय (45 वर्ष) ने मृतक के साथ पहले हाथ-पैर से और बाद में लकड़ी की लाठी से प्रहार किया।
मारपीट में गंभीर रूप से घायल इंदबल मांझी को इलाज के लिए सरकारी मेडिकल कॉलेज अंबिकापुर ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान 20 अक्टूबर 2025 को उसकी मृत्यु हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पत्थलगांव पुलिस ने मर्ग दर्ज कर जांच प्रारंभ की।
जांच के दौरान मृतक की पत्नी सुनोबाई के बयान में घटना का खुलासा हुआ। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध बीएनएस की धारा 103(1) व 3(5) के तहत हत्या का अपराध पंजीबद्ध किया।
पुलिस कार्रवाई
थाना प्रभारी निरीक्षक विनीत कुमार पांडे के नेतृत्व में आरक्षक कमलेश्वर वर्मा, राजेंद्र रात्रे, तुलसी रात्रे, आशीषन टोप्पो और पदुम वर्मा की टीम ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त लकड़ी की लाठी भी जप्त की। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह ने बताया कि “पत्थलगांव क्षेत्र में मारपीट के कारण इलाज के दौरान एक व्यक्ति की मौत हुई थी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।



