गणेश भोय ब्यूरो चीफ जशपुर :-
जशपुर | जशपुर पुलिस ने अपने विशेष अभियान “ऑपरेशन शंखनाद” के तहत फिर एक बार बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने चौकी सोनक्यारी क्षेत्र के ग्राम गुल्लू से 10 नग गौवंशों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया है। वहीं, थाना तुमला क्षेत्र के वर्ष 2024 के गौ तस्करी मामले में फरार चल रहे आरोपी इमरोज अंसारी (उम्र 27 वर्ष, निवासी भटगांव, थाना सेन्हा, जिला लोहरदगा, झारखंड) को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।
दोनों मामलों में छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 के तहत अपराध दर्ज किया गया है।

मामला 1 : चौकी सोनक्यारी क्षेत्र
दिनांक 05 नवंबर को पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम गुल्लू जंगल मार्ग से कुछ व्यक्ति बड़ी संख्या में गौवंशों को पैदल हांक कर ले जा रहे हैं। इस पर चौकी सोनक्यारी पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और जंगल में घेराबंदी की। पुलिस को देखकर तस्कर गौवंशों को छोड़कर फरार हो गए। मौके से 10 गौवंशों को सकुशल बरामद किया गया।
इस कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक वैभव सिंह, प्रधान आरक्षक विशाल गुप्ता, आरक्षक विमल मिंज एवं नगर सैनिक शिवशंकर रवि की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
मामला 2 : थाना तुमला क्षेत्र
वर्ष 2024 में थाना तुमला पुलिस ने ग्राम बारो में एक टाटा छोटा हाथी (वाहन क्रमांक JH 01U 9753) से तीन गौवंशों को छुड़ाया था। उस समय आरोपी वाहन व पशुओं को छोड़कर फरार हो गए थे। फरार आरोपी इमरोज अंसारी को पुलिस ने टेक्निकल टीम की मदद से झारखंड के लोहरदगा से ढूंढ निकाला और गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कोमल सिंह नेताम, एएसआई टेकराम सारथी, आरक्षक बसंत खुटिया और रूबेन तिग्गा की सराहनीय भूमिका रही।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि ऑपरेशन शंखनाद के तहत जशपुर पुलिस लगातार गौ तस्करों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर रही है। पुलिस जहां गौवंशों को तस्करों के चंगुल से मुक्त करा रही है, वहीं फरार आरोपियों की भी लगातार धरपकड़ की जा रही है। जशपुर पुलिस का ऑपरेशन “शंखनाद” गौ तस्करों के खिलाफ जारी रहेगा।



