सुरेश सोनी की रिपोर्ट :-
नारायणपुर | खेल एवं युवा कल्याण विभाग के निर्देशानुसार बस्तर ओलंपिक 2025 के तहत विकासखंड स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन इस वर्ष भी पूरे उत्साह और जोश के साथ किया जा रहा है। इसी क्रम में विकासखंड नारायणपुर अंतर्गत क्रीडा परिसर खेल मैदान में 10 एवं 11 नवम्बर 2025 को विकासखंड स्तरीय बस्तर ओलंपिक 2025 का भव्य आयोजन किया जा रहा है।
विकासखंड स्तरीय बस्तर ओलंपिक 2025 का शुभारंभ आज क्रीड़ा परिसर के खेल मैदान में किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण मरकाम रहे। ओलंपिक की शुरुआत स्वसहायता समूह की महिलाओं द्वारा पारंपरिक खेल रस्साकसी से हुई, जिसमें महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसके पश्चात 14 से 17 वर्ष आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं की दौड़ प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें प्रतिभागियों ने अपनी श्रेष्ठता का प्रदर्शन किया।
मरकाम ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल न केवल जीत-हार का माध्यम है, बल्कि यह अनुशासन, एकता और आपसी सहयोग की भावना को भी बढ़ाता है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ खेल खेलने और जिले का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
आयोजन के पहले दिन खिलाड़ियों ने एकता, अनुशासन और खेल भावना का परिचय दिया। विभिन्न गांवों से आए युवा प्रतिभागियों ने पारंपरिक एवं आधुनिक खेलों में बढ़-चढ़कर भाग लिया। बस्तर ओलंपिक में कबड्डी, खो-खो, दौड़, रस्साकसी, फूटबॉल, तीरंदाजी सहित कई पारंपरिक खेलों की रोमांचक प्रतियोगिताएँ हुईं। खिलाड़ियों ने उत्साह और खेल भावना के साथ अपना प्रदर्शन किया, वहीं दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष प्रताप सिंह मण्डावी, नगरपालिका उपाध्यक्ष जय प्रकाश शर्मा, सरपंच छोटेडोंगर संध्या पवार, जनपद पंचायत अध्यक्ष पिंकी उसेण्डी, पार्षदगण, एसडीएम डॉ. सुमित गर्ग, तहसीलदार ओरछा विजय साहू, जनपद सीईओ सुनिल सोनपिपरे, जिला शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार पटेल, जनपद पंचायत के सदस्य, जनप्रतिनिधिगण सहित शिक्षकगण तथा छात्र एवं छात्राएं उपस्थित थे।



