विकास भुवाल ब्यूरो चीफ की रिपोर्ट से :-
बेमेतरा : -छत्तीसगढ़ शासन द्वारा धान खरीदी हेतु बनाई गई पारदर्शी, सरल और किसान हितैषी नीति अब किसानों के लिए किसी वरदान से कम साबित नहीं हो रही है। जिलेभर में चल रही धान खरीदी व्यवस्था के अंतर्गत नवीन धान उपार्जन केंद्र पदमी में आज किसानों ने विशेष उत्साह के साथ धान विक्रय किया। केंद्र में कुल 9 किसानों द्वारा 560 क्विंटल धान की बिक्री की गई, जिसमें किसानों का जोश और संतोष दोनों देखने को मिला।
धान बेचने पहुंचे किसान मोहन सिंहा ने बताया कि उन्होंने आज 60 क्विंटल धान विक्रय हेतु टोकन कटवाया है। उन्होंने कहा कि “अब गांव में ही नवीन धान उपार्जन केंद्र खुलने से हमें बहुत बड़ी सुविधा मिल गई है। पहले 5–7 किलोमीटर दूर पदुमसारा केंद्र जाकर धान बेचना पड़ता था, जिससे समय, मेहनत और वाहन किराए पर अतिरिक्त खर्च होता था। लेकिन अब यह परेशानी पूरी तरह खत्म हो गई है।”

किसानों ने शासन द्वारा धान खरीदी हेतु बनाए गए सिस्टम की सराहना करते हुए कहा कि इस वर्ष खरीदी व्यवस्था पहले से भी अधिक सुगम, व्यवस्थित और पारदर्शी है। किसानों ने केंद्र पर मिल रही सुविधाओं, त्वरित प्रक्रियाओं और सहयोगी वातावरण के लिए शासन एवं प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया है। नवीन धान उपार्जन केंद्रों की स्थापना से ग्रामीण किसानों को समय की बचत होने के साथ—साथ आर्थिक लाभ भी मिल रहा है। धान खरीदी के प्रारंभ होते ही जिले में लगातार बढ़ते हुए किसानों के उत्साह से स्पष्ट है कि शासन की यह पहल कृषक वर्ग के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध हो रही है।



