ग्राम पंचायत सिरसिदा में 23 नवंबर को मितानिन दिवस बड़े हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मितानिन बहनों के सम्मान एवं अभिनंदन हेतु विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से ग्राम पंचायत सिरसिदा के सरपंच कैलाश कोवाची, जनप्रतिनिधि कन्हैया सिंह ठाकुर, यादो राम साहू, पंच रेखा विश्वकर्मा सहित पंचगण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान सरपंच एवं अतिथियों के कर-कमलों से मितानिन दीदियों — उमा साहू, दुलारी कोवाची, गोमती साहू, मीना सेवता, मीना कुंजाम, दिनेश्वरी सहारे, राधिका ध्रुव — को श्रीफल एवं साड़ी भेंटकर सम्मानित किया गया।
इस सम्मान समारोह में ग्रामवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और मितानिन बहनों द्वारा ग्रामीण स्वास्थ्य सेवा में दिए जा रहे निरंतर योगदान की सराहना की। कार्यक्रम का सफल संचालन सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
ग्राम पंचायत सिरसिदा की यह पहल समाज के प्रति सेवा भाव एवं स्वास्थ्य जागरूकता के प्रति समर्पण का प्रेरणादायी संदेश देती है।



