सुरेश सोनी की रिपोर्ट :-
नारायणपुर : शासन की मंशा के अनुरूप नारायणपुर जिले के दूरस्थ व पहुंच-विहीन क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य तथा मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ किए जाने की दिशा में निरंतर प्रयास जारी हैं। इसी क्रम में कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं और पुलिस अधीक्षक रॉबिनसन गुरिया ने जिले के अंदरूनी अंचलों का दौरा कर जमीनी हालात का जायजा लिया।
कलेक्टर ममगाईं ने जिला मुख्यालय से लगभग 110 किलोमीटर दूर स्थित ग्राम कुड़मेल और जाटलूर का भ्रमण किया। कुड़मेल पहुंचकर उन्होंने बालक आश्रम छात्रावास का निरीक्षण किया और भोजन, पेयजल, कमरों की स्वच्छता, शौचालय व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक संसाधनों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने बच्चों की संख्या, उपस्थिति, पोषक आहार उपलब्धता और दैनिक व्यवस्थाओं की जानकारी भी ली।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने नियद नेल्लानार एवं जल जीवन मिशन के तहत स्थापित नलकूपों का भी अवलोकन किया। ग्रामीणों से मुलाकात कर उन्होंने उनकी समस्याएँ सुनीं और कहा कि सभी मुद्दों का शीघ्र निराकरण कराया जाएगा। क्षेत्र में स्वीकृत विभिन्न विकास कार्यों को जल्द पूरा करने के निर्देश उन्होंने जनपद सीईओ ओरछा लोकेश चतुर्वेदी को दिए।
इसके बाद कलेक्टर ममगाईं जाटलूर पहुंचीं, जहां उन्होंने बालक आश्रम छात्रावास का निरीक्षण किया। यहां भी उन्होंने भोजन, पानी, कमरों, शौचालय तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का आकलन कर व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
इस दौरान जिला पंचायत सीईओ आकांक्षा शिक्षा खालको, डीएफओ एमजी वेंकेटेशा, टीई धर्माराम टिर्की तथा अन्य संबंधित अधिकारी-कर्मचारी भी उपस्थित थे।



