गणेश भोय ब्यूरो चीफ जशपुर:-
जशपुर | धान खरीदी सीजन के बीच जशपुर पुलिस ने सरहदी क्षेत्रों में सख्ती बढ़ाते हुए रविवार सुबह एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। चौकी ऊपरकछार, थाना तपकरा क्षेत्रांतर्गत पुलिस ने झारखंड से लाए जा रहे 65 बोरी (लगभग 30 क्विंटल) अवैध धान से भरी पिकअप वाहन JH-07-M-9320 को पकड़ा है। वाहन में बैठे दो युवक वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाए, जिसके बाद धान व पिकअप को जिला प्रशासन को सौंप दिया गया।
पुलिस को देख भागने लगा पिकअप चालक
सुबह करीब 5 बजे ऊपरकछार स्कूल के पास पुलिस टीम संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक पिकअप तेज़ी से आती दिखी। पुलिस द्वारा रोकने का प्रयास करने पर वाहन चालक गाड़ी को उल्टी दिशा में लेकर भागने लगा। संदेह होने पर पुलिस टीम ने पीछा किया और पोखरा टोली के पास वाहन को रोक लिया।
तलाशी में पिकअप में भारी मात्रा में धान लदा मिला। पूछताछ में युवकों ने बताया—
- शिवम यादव, 21 वर्ष, निवासी ग्राम सिंगी बहार, थाना तपकरा
- मनोज यादव, 20 वर्ष, निवासी ग्राम गोड़ अंबा, चौकी ऊपरकछार
दोनों धान का स्रोत बताने में असमर्थ रहे और न ही कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत कर सके। धान की अनुमानित कीमत लगभग ₹69,000 आंकी गई है।
अवैध धान पर जशपुर पुलिस की सख्त निगरानी
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह ने बताया कि धान खरीदी के मौसम में झारखंड जैसे सरहदी राज्यों से अवैध धान की आमद रोकने हेतु लगातार चेकिंग एवं पेट्रोलिंग की जा रही है। इसी अभियान के दौरान पिकअप वाहन पकड़ा गया। अवैध धान परिवहन के विरुद्ध कार्रवाई भविष्य में भी जारी रहेगी।
कार्रवाई में भूमिका
इस ऑपरेशन में चौकी प्रभारी ऊपरकछार, सहायक उप निरीक्षक भुनेश्वर भगत, प्रधान आरक्षक सुखनाथ भगत तथा आरक्षक दिलीप खलखो की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



