गणेश भोय ब्यूरो चीफ जशपुर:-
जशपुर/दुलदुला : थाना दुलदुला क्षेत्र के लोरो से पतराटोली मार्ग के बीच नेशनल हाइवे 43 पर पंडरी पानी मोड़ के पास देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में पाँच युवकों की मौत हो गई।

शनिवार और रविवार की दरम्यानी रात एक ट्रेलर और i20 कार की आमने-सामने टक्कर में कार सवार सभी पांच लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे, जिन्हें ग्रामीणों की सहायता से निकालकर एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद सभी को मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान अंकित तिग्गा (16), राधेश्याम यादव (26), उदय चौहान (18), दीपक प्रधान (18) और सागर तिर्की (22) के रूप में हुई है। सभी खटंगा ग्राम, थाना दुलदुला के निवासी थे।

घटना के बाद ट्रेलर (क्रमांक NL-01-AB-5953) का चालक मौके से फरार हो गया। थाना दुलदुला में उसके विरुद्ध BNS की धारा 281 व 106(1) के तहत अपराध दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है और मामले के वास्तविक कारणों की जांच जारी है।पोस्टमार्टम के बाद सभी शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। हादसे से क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है।



