गणेश यादव जिला संवाददाता:-
तमता। पौराणिक एवं धार्मिक आस्था का प्रतीक केशला पाठ पहाड़ मेला इस वर्ष भी पूरे श्रद्धा, उल्लास एवं अनुशासन के साथ आयोजित होने जा रहा है। पौष पूर्णिमा के दूसरे दिन से लगने वाले इस भव्य मेले का शुभारंभ 4 जनवरी 2026 से होगा, जो 6 जनवरी 2026 तक चलेगा। मेले की तैयारियाँ ग्राम तमता सहित आसपास के क्षेत्रों में जोरों पर हैं।
प्रकृति की गोद में बसा ग्राम तमता अपनी विशिष्ट पहचान के लिए जाना जाता है। जिला मुख्यालय जशपुर से लगभग 90 किलोमीटर दूर स्थित केशला पाठ पहाड़ धार्मिक, सांस्कृतिक एवं पौराणिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण स्थल है। यहाँ
ग्रामदेवता की पूजा परंपरागत रूप से बैगा द्वारा विधि-विधान से संपन्न कराई जाती है।
श्रद्धालुओं को केशला पाठ देवता के दर्शन हेतु 365 सीढ़ियाँ चढ़कर पहाड़ की चोटी तक पहुँचना होता है। मान्यता है कि ऊपर स्थित आकाश गंगा जलकुंड में स्नान कर पवित्र होने के पश्चात केशला पाठ देवता की पूजा-अर्चना करने से श्रद्धालुओं की सच्चे मन से की गई मनोकामनाएँ वर्ष भर के भीतर पूर्ण होती हैं। यही कारण है कि हर वर्ष हजारों की संख्या में श्रद्धालु यहाँ पहुँचते हैं।

इस मेले में छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों के साथ-साथ ओडिशा, झारखंड, बिहार एवं उत्तर प्रदेश से भी दुकानदार एवं दर्शनार्थी बड़ी संख्या में शामिल होते हैं, जिससे यह मेला क्षेत्रीय एकता और सांस्कृतिक समरसता का जीवंत उदाहरण बन जाता है। इस वर्ष मेला आयोजन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था को विशेष रूप से सुदृढ़ किया गया है। पुलिस प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा एवं यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है।

इसके तहत मुख्य मार्ग के किनारे दुकानों के संचालन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। यह निर्देश मेला संचालन समिति को स्पष्ट रूप से दिया गया है, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या दुर्घटना से बचा जा सके। मेला संचालन समिति एवं प्रशासन ने जनसमुदाय, दुकानदारों एवं श्रद्धालुओं से सहयोग एवं अनुशासन बनाए रखने की अपील की है, जिससे यह धार्मिक मेला शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
केशला पाठ पहाड़ मेला न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र है, बल्कि यह क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत, प्राकृतिक सौंदर्य और सामाजिक एकता का भी प्रतीक है। तैयारियाँ अपने अंतिम चरण में हैं और क्षेत्रवासियों में मेले को लेकर उत्साह का माहौल बना हुआ है।



