अमित दुबे की रिपोर्ट :-
रतनपुर। धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत के लिए प्रसिद्ध नगरी रतनपुर एक बार फिर सनातन चेतना के विराट आयोजन की साक्षी बनने जा रही है। समस्त सनातनी समाज के संयुक्त तत्वावधान में 4 जनवरी 2026, शनिवार को एक विशाल हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है।
यह भव्य आयोजन माँ महामाया बस्ती स्थित शासकीय कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय मैदान में दोपहर 2 बजे से प्रारंभ होगा।
आयोजकों के अनुसार इस सम्मेलन में क्षेत्र के विभिन्न समाजों, संगठनों, मातृशक्ति, युवाओं एवं धर्मप्रेमी नागरिकों की बड़ी संख्या में सहभागिता अपेक्षित है। सम्मेलन का मुख्य आकर्षण प्रखर हिंदुत्ववादी, ओजस्वी वक्ता एवं युवा संत आचार्य राकेश जी का विशेष प्रवचन रहेगा। उनके आगमन को लेकर नगर एवं आसपास के ग्रामीण अंचलों में उत्साह और श्रद्धा का वातावरण बना हुआ है।
सम्मेलन के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए आयोजन समिति ने बताया कि इस कार्यक्रम का मुख्य लक्ष्य समाज में धार्मिक जागरूकता बढ़ाना, सांस्कृतिक एकता को सुदृढ़ करना तथा सनातन परंपराओं के संरक्षण और संवर्धन का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है। साथ ही आज की युवा पीढ़ी को धर्म, राष्ट्र और समाज के प्रति अपने कर्तव्यों और दायित्वों से अवगत कराना भी इस सम्मेलन का महत्वपूर्ण उद्देश्य है।
कार्यक्रम के दौरान सनातन संस्कृति, भारतीय जीवन मूल्यों, सामाजिक समरसता और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका जैसे विषयों पर संत आचार्य राकेश जी अपने प्रेरणादायी विचार रखेंगे। आयोजकों का विश्वास है कि यह सम्मेलन समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करेगा और सनातन चेतना को नई दिशा देगा।
आयोजन समिति एवं समस्त सनातनी समाज, रतनपुर ने नगर व क्षेत्र के समस्त श्रद्धालुओं, धर्मप्रेमी नागरिकों एवं युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर दर्शन-लाभ लेने तथा इस ऐतिहासिक आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।



