अमित दुबे की रिपोर्ट :-
बिलासपुर। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह-2026 के अंतर्गत जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और नागरिकों में यातायात नियमों के प्रति जिम्मेदारी की भावना जागृत करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग की अगुवाई में भव्य हेलमेट-सीट बेल्ट जागरूकता बाइक रैली का आयोजन किया गया। यह रैली सड़क सुरक्षा माह के दूसरे दिन आयोजित की गई, जिसमें प्रशासन, पुलिस और सामाजिक संगठनों ने एकजुट होकर “जीवन पहले” का संदेश दिया।
भारत सरकार के भूतल परिवहन मंत्रालय एवं पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार 1 से 31 जनवरी तक राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह मनाया जा रहा है। इस दौरान बिलासपुर पुलिस, जिला प्रशासन, परिवहन विभाग, नगर निगम, शिक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग, साथ ही विभिन्न सामाजिक और स्वयंसेवी संगठनों के सहयोग से जिले भर में लगातार जनजागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।
शनिवार को निकाली गई यह हेलमेट जागरूकता बाइक रैली रिवर व्यू से प्रारंभ होकर देवकीनंदन चौक, कोतवाली चौक, तेलीपारा, लिंक रोड, श्रीकांत वर्मा मार्ग, महाराणा प्रताप चौक, गौरव पथ, मंगला चौक होते हुए पुनः रिवर व्यू पहुंचकर संपन्न हुई। रैली के दौरान शहर की प्रमुख सड़कों पर हेलमेट और सीट बेल्ट पहनने का संदेश आम नागरिकों तक प्रभावी रूप से पहुंचाया गया।

इस जागरूकता रैली का नेतृत्व जिला दंडाधिकारी संजय अग्रवाल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने स्वयं बाइक चलाकर किया। कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर अधिकारियों ने नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि हेलमेट और सीट बेल्ट केवल नियम नहीं, बल्कि जीवन रक्षक सुरक्षा कवच हैं। उन्होंने सभी वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित ड्राइविंग को अपनी आदत बनाने की अपील की।
रैली में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अर्चना झा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) रामगोपाल करियारे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल, सीएसपी गगन (IPS), प्रशिक्षु IPS अंशिका, डीएसपी शिवचरण सिंह परिहार, डीएसपी मंजूलता केरकेट्टा सहित जिले के सभी थाना प्रभारी और बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
इसके साथ ही सड़क सुरक्षा आयोजन समिति के वरिष्ठ सदस्य अशोक श्रीवास्तव, अब्दुल हमीद, राजकुमार सुखवानी, श्रीमती विद्या गोवर्धन, लेफ्टिनेंट आशीष शर्मा, विकास वर्मा सहित अनेक सामाजिक एवं स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम का कुशल संचालन मुकुल शर्मा, व्याख्याता, मिशन स्कूल उच्च माध्यमिक शाला, बिलासपुर द्वारा किया गया।
रैली के माध्यम से आमजन को यह स्पष्ट संदेश दिया गया कि—
“हेलमेट जीवन की ढाल है और सीट बेल्ट सुरक्षा की पहली शर्त।”
प्रशासन का मानना है कि इस तरह के सतत जागरूकता अभियानों से न केवल सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी, बल्कि नागरिकों में जिम्मेदार और सुरक्षित यातायात संस्कृति भी विकसित होगी।



