गणेश भोय ब्यूरो चीफ जशपुर
जशपुर : जशपुर जिले में धान खरीदी सीजन के दौरान अवैध परिवहन पर जशपुर पुलिस ने एक बार फिर सख्त कार्रवाई की है। चौकी आरा क्षेत्र में पुलिस ने झारखंड से अवैध रूप से धान ला रहे दो ट्रकों को पकड़कर 400 बोरी में कुल 160 क्विंटल धान जब्त किया है। जब्त धान की अनुमानित कीमत करीब 3 लाख 68 हजार रुपये बताई जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई के लिए धान और वाहनों को जिला प्रशासन के सुपुर्द कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, सरहदी राज्यों से छत्तीसगढ़ में अवैध धान खपाने की कोशिशों को रोकने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस लगातार सतर्क है। इसी कड़ी में चौकी आरा पुलिस पेट्रोलिंग टीम को 7 जनवरी की सुबह करीब 5 बजे मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम केतार के पास दो संदिग्ध ट्रकों में भारी मात्रा में धान लोड कर लाया जा रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर ट्रक क्रमांक CG 04 NW 7035 और CG 10 BP 8723 को घेराबंदी कर रोका। जांच के दौरान दोनों ट्रकों में 200-200 बोरी, यानी प्रत्येक ट्रक में 80-80 क्विंटल धान पाया गया।

पुलिस पूछताछ में ट्रक चालकों ने अपने नाम लोमन साहू (40 वर्ष), निवासी धमतरी और चंद्र प्रकाश सोनवानी (40 वर्ष), निवासी मस्तूरी, जिला बिलासपुर बताया। चालकों ने स्वीकार किया कि धान झारखंड राज्य से लोड कर जशपुर लाया जा रहा था। हालांकि, वे धान से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज या मंडी टोकन प्रस्तुत नहीं कर सके।
दस्तावेजों के अभाव में पुलिस ने संदेह के आधार पर दोनों ट्रकों सहित धान को जब्त कर लिया और आगे की कार्रवाई के लिए जिला प्रशासन को सौंप दिया।
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी आरा सहायक उप निरीक्षक चंद्रप्रकाश त्रिपाठी, प्रधान आरक्षक विदवा सागर पैंकरा और आरक्षक बेलसाजर कुजूर की अहम भूमिका रही।
इस संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि जशपुर पुलिस सरहदी राज्यों से हो रहे अवैध धान परिवहन पर लगातार नजर बनाए हुए है। जिले में अब तक 7 ट्रक, 22 पिकअप और 3 ट्रैक्टर से कुल 1,960 क्विंटल अवैध धान पकड़कर जिला प्रशासन को सौंपा जा चुका है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध धान परिवहन के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।



