गणेश भोय ब्यूरो चीफ जशपुर
जशपुर। गौ तस्करी के खिलाफ जशपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन शंखनाद’ के तहत बीते दो दिनों में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में 20 नग गौवंशों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया गया है। इस दौरान एक गौ तस्कर को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया, जबकि एक पिकअप वाहन भी जप्त किया गया है।
पहला मामला थाना सिटी कोतवाली जशपुर क्षेत्र का है। दिनांक 06 जनवरी 2026 को मुखबिर से मिली सूचना पर पुलिस ने डूमरटोली जंगल में घेराबंदी कर 10 गौवंशों को सकुशल बरामद किया। आरोपी अजीत राम (38 वर्ष), निवासी ग्राम डूमरटोली गौवंशों को बेरहमी से पीटते हुए पैदल झारखंड की ओर ले जा रहा था। दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाने पर उसके विरुद्ध छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6 व 10 के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मोरध्वज देशमुख सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
दूसरा मामला थाना लोदाम क्षेत्र का है। रात्रि में संदिग्ध पिकअप वाहन क्रमांक JH-02-BS-4348 को रोकने के प्रयास में तस्कर वाहन छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने वाहन से 10 गौवंशों को रस्सी से बंधी अवस्था में बरामद कर पशु चिकित्सक से स्वास्थ्य परीक्षण कराया और पिकअप को जप्त किया। फरार आरोपियों की तलाश जारी है। इस मामले में भी संबंधित धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना की जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि वर्ष 2024 से जारी ऑपरेशन शंखनाद के तहत अब तक 144 प्रकरणों में 239 गौ तस्करों की गिरफ्तारी की जा चुकी है और 1400 से अधिक गौवंशों को मुक्त कराया गया है। साथ ही 70 वाहनों की जप्ती की गई है, जिनमें से 24 वाहन राजसात किए जा चुके हैं। गौ तस्करी के विरुद्ध जशपुर पुलिस की सख्त कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।



