भेर्मागढ़। बीजापुर जिले के भेर्मागढ़ बाजार में घरेलू गैस सिलेंडरों के कथित अवैध इस्तेमाल और सप्लाई का मामला सामने आया है। बाजार क्षेत्र के कई होटलों और ठेलों में 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू गैस सिलेंडरों का उपयोग किए जाने की शिकायत है। आरोप है कि घरेलू उपयोग के लिए निर्धारित इन सिलेंडरों से व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में गैस की आपूर्ति की जा रही है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी के अनुसार, भेर्मागढ़ बाजार के कुछ होटल और ठेला संचालक घरेलू गैस सिलेंडरों का इस्तेमाल कर रहे हैं। वहीं, इन सिलेंडरों से अन्य स्थानों पर गैस सप्लाई किए जाने की भी शिकायत सामने आई है। व्यावसायिक गतिविधियों में घरेलू सिलेंडरों के कथित इस्तेमाल से आगजनी और अन्य दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है।
किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा प्रशासन?
स्थानीय लोगों का कहना है कि बाजार जैसे भीड़भाड़ वाले इलाके में गैस सिलेंडरों का असुरक्षित तरीके से इस्तेमाल किसी बड़े हादसे का कारण बन सकता है। इसके बावजूद संबंधित विभाग की ओर से प्रभावी जांच और कार्रवाई नहीं होने पर नागरिकों ने नाराजगी जताई है।
जांच और कार्रवाई की उठी मांग
स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन और खाद्य विभाग से भेर्मागढ़ बाजार में संचालित होटलों एवं ठेलों की जांच कराने की मांग की है। साथ ही घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग और कथित अवैध गैस सप्लाई की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने की अपील की है।
लोगों का कहना है कि प्रशासन को किसी अप्रिय घटना का इंतजार किए बिना समय रहते सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए, ताकि बाजार में आम नागरिकों और व्यापारियों की सुरक्षा बनी रहे।




