रिपोर्ट – योगेश्वर साहू
गरियाबंद जिले के छुरा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम फुलझर से खदराही पारा जाने वाला कमार टोल नहर मार्ग पूरी तरह से जर्जर होकर बड़े-बड़े गड्ढों में तब्दील हो गया है। सड़क की हालत इतनी खराब है कि गड्ढे मौत के कुएं जैसे दिखाई दे रहे हैं।
किसानों और ग्रामीणों को भारी परेशानी
बताया जा रहा है कि यह मार्ग किसानों के खेतों और खदराही जाने के लिए मुख्य रास्ता है। सड़क धंसने से माइनर नाली पूरी तरह बंद हो गई है, जिससे खेतों में पानी भरने की समस्या भी बढ़ गई है। फुलझर और खदराही पारा के ग्रामीणों को रोजाना इसी टूटी सड़क से होकर गुजरना पड़ता है। बरसात में स्थिति और भयावह हो गई है।
ठेकेदार और सिंचाई विभाग की लापरवाही
ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क ठेकेदार ने गुणवत्ता हीन सामग्री से सड़क का निर्माण किया था। निर्माण के महज 2 साल के अंदर ही सड़क उखड़ गई और सड़क बड़े गड्ढे बन गए। सिंचाई विभाग की भी इसमें बड़ी लापरवाही सामने आई है, विभाग ने समय पर मरम्मत और निगरानी नहीं की।
दुर्घटना की आशंका
स्थानीय लोगों ने बताया कि रात के समय इस मार्ग पर चलना खतरे से खाली नहीं है। कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है। स्कूली बच्चे, बुजुर्ग और किसान सबसे ज्यादा परेशान हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन और सिंचाई विभाग से मांग की है कि फुलझर से खदराही कमार टोल मार्ग की तत्काल मरम्मत कराई जाए और दोषी ठेकेदार पर कार्रवाई की जाए।




