अमित दुबे की रिपोर्ट :-
रतनपुर : थाना रतनपुर पुलिस एवं एसीसीयू की संयुक्त टीम ने मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर बड़ी चोट करते हुए 14.336 किलोग्राम गांजा के साथ दो अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने गांजा परिवहन में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल भी जप्त की हैं। जप्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 2 लाख 10 हजार रुपये आंकी गई है।
गिरफ्तार आरोपी
- कुशल निर्मलकर, पिता रमेश निर्मलकर, उम्र 23 वर्ष
- जयकिशन उर्फ दीपक सारथी, पिता राजकुमार, उम्र 22 वर्ष
- दोनों आरोपी ग्राम गिधौरी, थाना रतनपुर, जिला बिलासपुर (छ.ग.) के निवासी हैं।

कैसे हुई कार्रवाई
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के निर्देश पर जिले में नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह एवं एसडीओपी कोटा नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निलेश पाण्डेय के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
दिनांक 18 जनवरी 2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि तीन युवक दो मोटरसाइकिलों में गांजा लेकर ग्राम गिधौरी से नेवसा रोड होते हुए ग्राम जाली की ओर जा रहे हैं। सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस ने नेवसा रोड–जाली मार्ग पर घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की।
एक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार
रेड के दौरान एक आरोपी आशीष कश्यप निवासी गिधौरी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया, जबकि शेष दो आरोपियों को पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान उनके पास से 14.336 किलोग्राम गांजा (कीमत लगभग 1,40,000 रुपये) बरामद किया गया।
कानूनी कार्रवाई
पुलिस ने गांजा व दोनों मोटरसाइकिल जप्त कर आरोपियों के विरुद्ध नारकोटिक एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। फरार आरोपी आशीष कश्यप की तलाश जारी है।
इनका रहा विशेष योगदान
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी निलेश पाण्डेय, उनि. मेलाराम कठौतिया,सउनि नरेश गर्ग,आरक्षक धनराज कुम्भकार, नरेश पोर्ते, आकाश डोंगरे,लेखपाल खुसरो, मनीष जायसवाल,एसीसीयू टीम से प्र.आर. देवमुन पुहुप, आर. रवि यादव, अभिजीत डाहिरे, तदबीर पोर्ते का सराहनीय योगदान रहा।
पुलिस का संदेश
रतनपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और यह अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा।



