गणेश भोय ब्यूरो चीफ जशपुर :-
जशपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में जशपुर पुलिस द्वारा गौ तस्करी के विरुद्ध चलाया जा रहा ऑपरेशन शंखनाद लगातार सफल साबित हो रहा है। इसी कड़ी में थाना लोदाम क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पोड़ी के पास पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए झारखंड से आए चार गौ तस्करों को गिरफ्तार कर 06 नग गौ वंशों को सकुशल मुक्त कराया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 20 जनवरी 2026 की तड़के लगभग 04:30 बजे लोदाम पुलिस को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली थी कि दो संदिग्ध पिकअप वाहनों में गौ वंशों को भरकर ग्रामीण रास्ते से झारखंड की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए ग्राम पोड़ी में नाकाबंदी की गई। नाकाबंदी के दौरान दोनों संदिग्ध पिकअप वाहन आते दिखाई दिए, जिन्हें घेराबंदी कर रोक लिया गया।
तलाशी लेने पर पिकअप वाहन क्रमांक JH-09-AS-3683 एवं JH-01-N-1797 में रस्सियों से बांधकर 03-03 नग गौ वंश लोड पाए गए। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम क्रमशः साहेब अंसारी (45 वर्ष), रुस्तम अंसारी (26 वर्ष), मुकेश कुमार साहू (35 वर्ष) एवं कार्तिक लोहारा (29 वर्ष) निवासी जिला गुमला (झारखंड) बताए। आरोपियों द्वारा गौ वंशों के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका।
इस पर पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 एवं पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11(1)(क)(घ) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर दोनों पिकअप वाहनों को जप्त किया। बरामद सभी गौ वंशों का पशु चिकित्सक द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण भी कराया गया।
पुलिस ने चारों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी लोदाम निरीक्षक हर्षवर्धन चौरासे, प्रधान आरक्षक प्रदीप लकड़ा, आरक्षक जगतारण यादव, धर्मेंद्र कुमार एवं मोहन मरकाम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि ऑपरेशन शंखनाद के तहत अब तक 147 प्रकरणों में 1400 से अधिक गौ वंशों को मुक्त कराया जा चुका है तथा 244 से अधिक गौ तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि गौ तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।



