नारायणपुर, 3 जून 2026// कलेक्टर नम्रता जैन के निर्देशानुसार खनिज जांच दल द्वारा गत 23 मई को जिले में आकस्मिक निरीक्षण अभियान चलाया गया। इस दौरान साधारण पत्थर (गिट्टी) एवं रेत का अवैध परिवहन करते पाए जाने पर 5 हाइवा वाहनों को जब्त कर कार्यालय कलेक्टर परिसर, जिला नारायणपुर में सुरक्षित रखा गया है।
खनिज विभाग द्वारा अवैध परिवहनकर्ताओं के विरुद्ध खनिजों के अवैध परिवहन का प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है। जांच के दौरान जब्त वाहनों में रेत एवं साधारण पत्थर (गिट्टी) का परिवहन बिना वैध अभिवहन पास के किया जा रहा था।
जब्त किए गए वाहनों में नारायणपुर, रायपुर, राजनांदगांव एवं कोंडागांव जिले के वाहन शामिल हैं। इनमें दो वाहन रेत परिवहन तथा तीन वाहन साधारण पत्थर (गिट्टी) के अवैध परिवहन में संलिप्त पाए गए।
खनिज विभाग के अनुसार सभी प्रकरणों में छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियमावली 2015 के नियम 71 (5) तथा खान एवं खनिज विकास एवं विनियमन अधिनियम 1957 की धारा 21(5) के तहत दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
कलेक्टर ने जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन एवं परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण के निर्देश दिए हैं। इसके तहत खनिज अमले द्वारा लगातार जांच एवं निगरानी अभियान जारी रखा जाएगा, ताकि अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सके।



