अमित दुबे की रिपोर्ट:-
मल्हार। कांग्रेस पार्टी ने संगठन विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए वरिष्ठ कांग्रेसी रघुराज पाण्डेय को मल्हार मंडल कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष नियुक्त किया है। यह नियुक्ति प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज एवं एआईसीसी महासचिव व छत्तीसगढ़ प्रभारी सचिन पायलट के मार्गदर्शन में की गई, जिसके तहत पहली बार प्रदेश के सभी जिलों में मंडल अध्यक्षों की विधिवत घोषणा की गई है।
पूर्व मल्हार जोन अध्यक्ष गणेशदत्त राजू तिवारी ने जानकारी देते हुए बताया कि मस्तुरी ब्लॉक को 11 मंडलों में विभाजित किया गया है, जिनमें मल्हार मंडल की जिम्मेदारी अनुभवी और जमीनी नेता रघुराज पाण्डेय को सौंपी गई है। उनकी नियुक्ति से न केवल मल्हार मंडल बल्कि पूरे मस्तुरी ब्लॉक में कांग्रेस संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती मिलने की उम्मीद है।
नवनियुक्त मंडल अध्यक्ष रघुराज पाण्डेय लंबे समय से कांग्रेस संगठन से जुड़े रहे हैं और पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाते आए हैं। उनके नेतृत्व में मंडल स्तर पर संगठन को सशक्त करने, सक्रिय कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी देने तथा बूथ कमेटियों के गठन को शीघ्र पूर्ण करने की रणनीति पर काम किया जाएगा। आगामी चुनावों को देखते हुए यह नियुक्ति संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने में अहम साबित होगी।
रघुराज पाण्डेय के मंडल अध्यक्ष बनने के बाद मल्हार क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। कार्यकर्ताओं ने विश्वास जताया है कि उनके नेतृत्व में संगठन नई ऊंचाइयों को छुएगा और पार्टी की नीतियों एवं कार्यक्रमों को आम जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाएगा। इस अवसर पर पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने नवनियुक्त अध्यक्ष को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह निर्णय कांग्रेस संगठन को ब्लॉक से बूथ स्तर तक मजबूत करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।



