गणेश भोय ब्यूरो चीफ जशपुर :-
जशपुर, 23 जनवरी 2026: जशपुर पुलिस ने फिर से अवैध धान परिवहन का पर्दाफाश किया है। थाना लोदाम क्षेत्र में पुलिस ने झारखंड से छत्तीसगढ़ की ओर आ रहे एक ट्रक से 415 बोरी यानी कुल 207 क्विंटल धान जब्त किया। जप्त धान की कीमत लगभग 4 लाख 76 हजार रुपए बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, 22 जनवरी 2026 की रात्रि करीब 12 बजे पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक संदिग्ध ट्रक (क्रमांक UP-63-AT-1735) में भारी मात्रा में धान लोड है। पुलिस ने ग्राम भलमंडा के पास नेशनल हाइवे 43 में नाकाबंदी कर ट्रक को रोका। तलाशी में ट्रक से अवैध धान बरामद हुआ।
पुलिस पूछताछ में ड्राइवर वीरेंद्र शर्मा (58 वर्ष, धुर्वा, रांची) ने बताया कि धान लोहरदगा, झारखंड निवासी विक्की गुप्ता (32 वर्ष) का है। ड्राइवर के पास धान से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं थे।
जशपुर पुलिस ने ट्रक और धान को जब्त कर जिला प्रशासन के सुपुर्द कर दिया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी लोदाम निरीक्षक हर्षवर्धन चौरासे और प्रधान आरक्षक प्रदीप लकड़ा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि धान खरीदी के सीजन में अवैध धान की आमद रोकने के लिए जशपुर पुलिस पूरी तरह सतर्क है। अब तक कुल 46 प्रकरणों में 2700 क्विंटल से अधिक अवैध धान पकड़कर कार्रवाई की जा चुकी है।
जशपुर पुलिस ने कहा कि अवैध धान परिवहन के विरुद्ध यह कार्रवाई जारी रहेगी और ऐसे मामलों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।



