अमित दुबे की रिपोर्ट :-
रतनपुर/कोटा। छत्तीसगढ़ के प्रथम स्वतंत्रता सेनानी शहीद वीर नारायण सिंह की अमर स्मृति को नमन करते हुए कोटा के डीकेपी खेल मैदान में 23 से 25 जनवरी तक आयोजित तीन दिवसीय अखिल भारतीय कबड्डी महाकुंभ का भव्य, गरिमामय और ऐतिहासिक शुभारंभ हुआ। इस राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिता ने न केवल खेल प्रेमियों को रोमांचित किया, बल्कि शहीदों के आदर्शों और देशभक्ति की भावना को भी नई ऊर्जा प्रदान की।
इस भव्य आयोजन का संरक्षण और मार्गदर्शन कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव द्वारा किया जा रहा है। उद्घाटन समारोह में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता विधायक अटल श्रीवास्तव ने की। विशिष्ट अतिथियों में मस्तूरी विधायक दिलीप लहरिया, विधायक रामकुमार यादव, पूर्व विधायक शैलेश पांडेय सहित अनेक जनप्रतिनिधि, खेल संघों के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में खेलप्रेमी नागरिक उपस्थित रहे।

दीप प्रज्वलन के साथ हुआ विधिवत शुभारंभ
अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन कर प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया गया। आयोजन समिति ने अतिथियों का फूल-मालाओं, पारंपरिक स्वागत एवं भव्य आतिशबाजी के साथ आत्मीय अभिनंदन किया। उद्घाटन अवसर पर पूरा खेल मैदान देशभक्ति के नारों, ढोल-नगाड़ों और तालियों की गूंज से गूंज उठा।

कबड्डी हमारी मिट्टी से जुड़ा खेल – अटल श्रीवास्तव
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव ने कहा कि कबड्डी हमारी लोक-संस्कृति और ग्रामीण परंपरा से जुड़ा ऐसा खेल है, जो युवाओं में साहस, अनुशासन और सामूहिकता की भावना विकसित करता है। शहीद वीर नारायण सिंह जैसे महान स्वतंत्रता सेनानी के नाम पर इस प्रकार का राष्ट्रीय आयोजन कोटा ही नहीं, पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि इस प्रतियोगिता के माध्यम से युवाओं को खेल के साथ-साथ राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा मिलेगी।
युवाओं में देशप्रेम की भावना को जीवित रखेगा आयोजन – भूपेश बघेल
मुख्य अतिथि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अपने संबोधन में कहा,
“कबड्डी हमारी मिट्टी से जुड़ा खेल है, जो साहस, अनुशासन और टीम भावना का प्रतीक है। शहीद वीर नारायण सिंह जैसे महान स्वतंत्रता सेनानी के नाम पर आयोजित यह प्रतियोगिता युवाओं में देशप्रेम, संघर्ष और सामाजिक चेतना की भावना को जीवित रखेगी।”
उन्होंने आयोजन समिति को इस सफल पहल के लिए बधाई देते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच मिलता है।

17 राज्यों की पुरुष व 14 राज्यों की महिला टीमें ले रहीं भाग
आयोजन समिति के अध्यक्ष आदित्य दीक्षित ने जानकारी देते हुए बताया कि इस अखिल भारतीय कबड्डी प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ सहित देश के 17 राज्यों की पुरुष टीमें एवं 14 राज्यों की महिला टीमें भाग ले रही हैं। तीन दिनों तक चलने वाली यह प्रतियोगिता राष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धा और खेल भावना का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत कर रही है।
कोटा बना खेल नगरी, क्षेत्र में उत्सव का माहौल
इस राष्ट्रीय आयोजन के चलते कोटा नगर पूरी तरह खेल नगरी में तब्दील हो गया है। खेल मैदान के आसपास दर्शकों की भारी भीड़, स्थानीय युवाओं का उत्साह और व्यापारिक गतिविधियों में आई रौनक यह दर्शाती है कि यह आयोजन सामाजिक और आर्थिक दृष्टि से भी क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण साबित हो रहा है।
तीन दिवसीय अखिल भारतीय कबड्डी महाकुंभ न केवल खिलाड़ियों के लिए प्रतिस्पर्धा का मंच है, बल्कि शहीद वीर नारायण सिंह के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम भी बनकर उभरा है।



