गणेश भोय ब्यूरो चीफ :-
रायगढ़। रेलवे स्टेशन के बाहर महिला और उसके पति के साथ मारपीट के मामले में पुलिस ने तेजी दिखाते हुए चार आरोपियों को घटना के 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। मामला सामने आते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए, जिसके बाद कोतवाली पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ की।
गिलास मांगने को लेकर हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार, घटना 12 फरवरी की शाम रेलवे स्टेशन के सामने मोटर पार्किंग क्षेत्र में हुई। पीड़ित पवन यादव अपनी पत्नी पूजा यादव और बच्चों के साथ भोजन बना रहे थे। इसी दौरान कुछ युवक गिलास मांगने लगे। मना करने पर आरोपियों ने कथित रूप से गाली-गलौज शुरू कर दी और महिला के साथ हाथापाई की। बीच-बचाव करने पर उसके पति से भी मारपीट की गई।
मामला दर्ज, छापेमारी कर गिरफ्तारी
पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली थाना में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया। थाना प्रभारी सुखनंदन पटेल के नेतृत्व में टीम गठित कर संदिग्धों की तलाश शुरू की गई। पुलिस ने चार आरोपियों को हिरासत में लिया, जिनकी पहचान पीड़ित दंपति ने की। सभी आरोपी वर्तमान में रायगढ़ में रह रहे थे।
प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी शुरू
गिरफ्तारी के साथ ही आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से अलग से प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी प्रारंभ की गई है।
पुलिस का सख्त रुख
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट कहा कि सार्वजनिक स्थलों पर मारपीट और असामाजिक गतिविधियों को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि ऐसी घटनाओं की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते सख्त कार्रवाई की जा सके।
पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि महिला सुरक्षा और सार्वजनिक शांति से जुड़ी घटनाओं पर त्वरित और कठोर कदम आगे भी जारी रहेंगे।



