अमित दुबे की रिपोर्ट :-
बिलासपुर। सिटी कोतवाली पुलिस ने अरपा नदी चेक डैम के नीचे मिले युवक के शव मामले में अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार हत्या लूट के उद्देश्य से की गई थी।
थाना सिटी कोतवाली में दर्ज अपराध क्रमांक 122/2026 के तहत मृतक की पहचान राजेंद्र सूर्यवंशी (25 वर्ष), निवासी ग्राम नरगोड़ा के रूप में हुई। 15 जुलाई 2025 को अरपा नदी चेक डैम के नीचे अज्ञात शव मिलने की सूचना पर मर्ग कायम कर जांच प्रारंभ की गई थी। पोस्टमार्टम, डायटम एवं विसरा रिपोर्ट तथा तकनीकी विश्लेषण के आधार पर हत्या की पुष्टि होने पर प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्य और ह्यूमन इंटेलिजेंस के आधार पर पुलिस ने विकास उर्फ भोले केवट (20 वर्ष) और शनि उर्फ छोटू गंधर्व (20 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि घटना के दिन वे पचड़ी घाट डैम के पास शराब सेवन कर लौट रहे थे। उसी दौरान मृतक को अकेला बैठा देख उसके पास मोबाइल और नगदी होने की आशंका पर लूट की नीयत से मारपीट की।
मृतक द्वारा विरोध करने पर आरोपियों ने गंभीर मारपीट की, जिससे वह अचेत हो गया। साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से दोनों ने उसे पुल की रेलिंग से नीचे नदी में फेंक दिया, जिससे उसकी मृत्यु हो गई। घटना के बाद आरोपी मृतक का मोबाइल और नगदी लेकर फरार हो गए। पुलिस ने लूटा गया मोबाइल बरामद कर लिया है।
दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।



