गणेश भोय ब्यूरो चीफ :-
नारायणपुर : नारायणपुर जिले में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां पिता ने ही अपनी बेटी की हत्या कर दी। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 18 फरवरी 2026 को प्रार्थिया अनुषा लकड़ा (उम्र 22 वर्ष), निवासी अंबाटोली, थाना नारायणपुर ने थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई। उसने बताया कि उसके मायके ग्राम जामटोली में उसके पिता लौरेस लकड़ा, बड़ी बहन बिंदिया लकड़ा (उम्र 23 वर्ष) और छोटा भाई रहते थे। मृतिका बिंदिया लकड़ा आंगनबाड़ी सहायिका के रूप में कार्यरत थी और घर के पास नया मकान बनाने के लिए नींव खुदवाकर निर्माण सामग्री भी मंगवाई थी।
रिपोर्ट के अनुसार, 18 फरवरी की दोपहर लगभग 3 बजे आरोपी पिता लौरेस लकड़ा घर पहुंचा और ईंट-गिट्टी मंगाने को लेकर बिंदिया से कहासुनी करने लगा। बात बढ़ने पर आरोपी ने आवेश में आकर घर में रखी टांगी के पिछले हिस्से से अपनी बेटी के सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से बिंदिया लकड़ा की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रार्थिया की रिपोर्ट पर थाना नारायणपुर में आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत हत्या का अपराध पंजीबद्ध किया गया। पुलिस ने तत्काल घटनास्थल का निरीक्षण कर शव पंचनामा की कार्रवाई की और पोस्टमार्टम कराया। शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में डॉक्टर ने मृत्यु का कारण सिर में गंभीर चोट बताया है।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी लौरेस लकड़ा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। अपराध स्वीकार करने और पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त टांगी भी जब्त कर ली गई है।
मामले की जांच और आरोपी की गिरफ्तारी में सहायक उप निरीक्षक उमेश प्रभाकर, प्रधान आरक्षक पुरनचंद पटेल, उमेश मिंज, आरक्षक अशोक कंसारी, अमित एक्का तथा नगर सैनिक वीरेंद्र भगत की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।



