गणेश भोय ब्यूरो चीफ जशपुर
नारायणपुर। थाना नारायणपुर क्षेत्रांतर्गत छेड़छाड़ एवं नाबालिक बालिका से दुष्कर्म के गंभीर मामले में जशपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सूचना के चंद घंटों के भीतर 09 आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए डॉ. लाल उमेद सिंह (डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, जशपुर) के निर्देश पर चार विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया था।
मामले का विवरण
प्रार्थी द्वारा 20 फरवरी 2026 को थाना नारायणपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि उसकी 35 वर्षीय भतीजी एवं 13 वर्षीय नाबालिक पुत्री 17 फरवरी को मेहमानी से अपने गांव लौट रही थीं। इसी दौरान रास्ते में एक चौक के पास नौ युवकों द्वारा उनके साथ छेड़छाड़ की गई। भयभीत होकर भतीजी घर पहुंची और घटना की जानकारी दी। बाद में दो दिन पश्चात नाबालिक बालिका ने बताया कि आरोपियों में से एक ने उसे जबरन जमीन पर पटककर दुष्कर्म किया, जबकि अन्य आरोपी दूर खड़े होकर घटना देखते रहे।
रिपोर्ट के अनुसार, घटना के बाद आरोपियों ने प्रार्थी को पैसे देकर मामला दबाने एवं थाना न जाने की धमकी भी दी।
कानूनी कार्रवाई
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना नारायणपुर में आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 137, 87, 96, 64, 65(1), 70(1), 70(2), 127(2), 351(2) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 5 एवं 6 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। पीड़िता का चिकित्सकीय परीक्षण भी कराया गया।
पुलिस टीमों ने तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी नीरज लकड़ा (23 वर्ष) सहित कुल 09 आरोपियों को हिरासत में लिया, जिनमें एक 17 वर्षीय विधि से संघर्षरत बालक भी शामिल है। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया है। वयस्क आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है, जबकि विधि से संघर्षरत बालक को बाल संप्रेषण गृह भेजा जाएगा।
पुलिस की सख्त चेतावनी
डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि बच्चों एवं महिलाओं से संबंधित अपराधों के प्रति जशपुर पुलिस अत्यंत संवेदनशील है। ऐसे मामलों में संलिप्त किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।



