गणेश भोय ब्यूरो चीफ :-
जशपुर : डॉ. लाल उमेद सिंह (डीआईजी एवं एसएसपी, जशपुर) को प्राप्त मुखबिर सूचना के आधार पर जशपुर पुलिस ने होली पर्व से पूर्व नशे के कारोबार पर बड़ा प्रहार करते हुए अंतरराज्यीय गांजा तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया है।
सूचना मिली थी कि ओड़िसा से गांजा की एक बड़ी खेप मध्यप्रदेश पासिंग बोलेरो वाहन से सिंगरौली (मध्यप्रदेश) ले जाई जा रही है। इस पर थाना कुनकुरी को सघन वाहन चेकिंग के निर्देश दिए गए। बीती रात चेकिंग के दौरान वाहन क्रमांक MP 66 ZH 6806 को रोककर तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान बोलेरो वाहन में मॉडिफाई कर बनाए गए गुप्त चेंबर से 18.4 किलोग्राम गांजा (कीमत लगभग ₹9 लाख) बरामद किया गया। पुलिस ने मौके से तीन अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया। जप्ती में प्रयुक्त बोलेरो वाहन (कीमत लगभग ₹14 लाख), मोबाइल फोन एवं ड्राइविंग लाइसेंस भी शामिल है।

गिरफ्तार आरोपी:
- गोलारमन यादव (61 वर्ष), निवासी खंधौली, थाना जियामन, जिला सिंगरौली (म.प्र.)
- शिवराम यादव (26 वर्ष), निवासी बेलाहवा, थाना चितरंगी, जिला सिंगरौली (म.प्र.)
- रामेश्वर यादव (30 वर्ष), निवासी खंधौली, थाना जियामन, जिला सिंगरौली (म.प्र.)
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्हें ओड़िसा में रहने वाले उनके रिश्तेदार (साला) द्वारा गांजा उपलब्ध कराया गया था, जिसे वे सिंगरौली में बिक्री हेतु ले जा रहे थे। पुलिस ने उक्त रिश्तेदार को भी आरोपी बनाया है तथा गिरफ्तारी के लिए टीम रवाना की गई है।
आरोपियों के विरुद्ध थाना कुनकुरी में अपराध क्रमांक 45/26 धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कुनकुरी निरीक्षक राकेश यादव सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
सिटी कोतवाली की समानांतर कार्रवाई
इसी क्रम में सिटी कोतवाली जशपुर पुलिस ने 28.02.2026 को किराए के मकान में डंप कर रखे गए 24.840 किलोग्राम गांजा (कीमत ₹12.42 लाख) के साथ 02 आरोपियों को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई की है।
डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि जशपुर पुलिस की नशे के विरुद्ध कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी और इस अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।



