गणेश भोय ब्यूरो चीफ
जशपुर। दिनांक 28 फरवरी 2026 को मिली मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध मादक पदार्थ गांजा तस्करी के मामले का खुलासा किया है। जानकारी के अनुसार रवि विश्वकर्मा नामक व्यक्ति विवेकानंद कॉलोनी, जशपुर में किराए के मकान में रहकर अपने घर में भारी मात्रा में गांजा छिपाकर रखा हुआ था।
सूचना मिलते ही थाना कोतवाली जशपुर की टीम ने तत्काल दबिश देकर कार्रवाई की। पुलिस द्वारा घर की तलाशी लेने पर एक पेटी में रखे 24 पैकेट गांजा बरामद किए गए। पूछताछ के दौरान आरोपी रवि विश्वकर्मा ने बताया कि यह गांजा गोविंद उर्फ सुनील भगत का है, जिसने पैसे के एवज में उसे अपने घर में रखने के लिए दिया था।
इस मामले में थाना जशपुर में अपराध क्रमांक 74/26 के तहत धारा 20 (बी) एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी रवि विश्वकर्मा और सुनील भगत को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया।
आगे की पूछताछ में आरोपी गोविंद उर्फ सुनील भगत ने खुलासा किया कि गांजा तस्करी के इस नेटवर्क में थाना तपकरा के दो आरक्षक भी शामिल हैं। आरोपियों के बयान के आधार पर आरक्षक क्रमांक 581 धीरेंद्र मधुकर (पिता करतार सिंह, उम्र 37 वर्ष) तथा आरक्षक क्रमांक 392 अमित त्रिपाठी (पिता स्वर्गीय राजदेव त्रिपाठी, उम्र 35 वर्ष) की संलिप्तता सामने आई।
जांच में गांजा तस्करी में दोनों आरक्षकों की भूमिका पाए जाने पर पुलिस ने उन्हें भी गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।



