सुरेश सोनी
कलेक्टर के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई, बच्चों के स्वास्थ्य और पढ़ाई पर दिखेगा सकारात्मक असर
जल जीवन मिशन के तहत 200 मीटर दूर सोलर पंप से जोड़ी गई स्कूल की जल व्यवस्था
229 की आबादी वाले गांव में पहले से 4 हैंडपंप, अब और मजबूत हुई पेयजल उपलब्धता
नारायणपुर, 29 मार्च 2026 // नारायणपुर जिले के ओरछा विकासखंड अंतर्गत ग्राम कोडलीयर में जल समस्या को लेकर प्रकाशित समाचार के बाद प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए प्रभावी कदम उठाए हैं। कलेक्टर नम्रता जैन के निर्देश पर लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ने तुरंत कार्रवाई करते हुए जल जीवन मिशन के तहत जल व्यवस्था को सुदृढ़ किया, जिसका सकारात्मक परिणाम अब स्पष्ट रूप से नजर आ रहा है।
विकासखंड ओरछा की ग्राम पंचायत कुतूल के कोडलीयर गांव स्थित स्कूल में अब विद्यार्थियों को स्वच्छ पेयजल की सुविधा नियमित रूप से मिलने लगी है। पहले जहां पानी की समस्या को लेकर स्थिति चुनौतीपूर्ण थी, वहीं अब किए गए सुधारात्मक प्रयासों से हालात पूरी तरह बदल गए हैं।
लगभग 229 की आबादी वाले इस क्षेत्र में पहले से 3 विभागीय हैंडपंप और 1 जनपद पंचायत का हैंडपंप संचालित है। साथ ही स्कूल से करीब 100 मीटर की दूरी पर एक अतिरिक्त हैंडपंप भी उपलब्ध है, जिससे जल आपूर्ति में सहयोग मिलता रहा है।
अब जल जीवन मिशन के अंतर्गत लगभग 200 मीटर दूर स्थापित सोलर पंप को स्कूल से जोड़ते हुए नल के माध्यम से पेयजल आपूर्ति शुरू कर दी गई है। इस व्यवस्था से बच्चों को अब स्वच्छ और सुलभ पानी मिल रहा है, जिससे उनके स्वास्थ्य और पढ़ाई पर सकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। ग्रामीणों ने इस पहल पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि नई व्यवस्था से जल समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित होगा और गांव के जीवन स्तर में निरंतर सुधार देखने को मिलेगा।




