अनीष मिश्रा की रिपोर्ट | रायपुर
रायपुर। तेलुगू वेलफेयर सोसाइटी रायपुर द्वारा समाज सेवा के क्षेत्र में लगातार उत्कृष्ट कार्य किए जा रहे हैं। संस्था न केवल दीन-हीन एवं जरूरतमंद बच्चों के लिए निःशुल्क शिक्षा की व्यवस्था कर रही है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी सक्रिय भूमिका निभा रही है।
सोसाइटी द्वारा नियमित रूप से पेड़ लगाना, जल संरक्षण के लिए तालाबों की सफाई, तथा पर्यावरण सुरक्षा से जुड़े विभिन्न अभियान संचालित किए जा रहे हैं। इसके साथ ही धार्मिक आयोजनों में भी संस्था बढ़-चढ़कर भाग लेती है। हर वर्ष गरबा, श्रीमद्भागवत कथा, हनुमान जयंती जैसे भव्य कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है, जिसमें समाज की व्यापक भागीदारी रहती है।
सामाजिक उत्तरदायित्व निभाते हुए संस्था द्वारा स्वर्ग वाहन (मुक्ति वाहन) दान, एम्बुलेंस सेवा उपलब्ध कराना जैसे कार्य भी किए जा रहे हैं, जो समाज के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध हो रहे हैं।
इन दिनों पड़ रही भीषण गर्मी को देखते हुए सोसाइटी द्वारा श्रीनगर स्थित कार्यालय के पास आमजन के लिए शीतल जल, दही, मठ्ठा, छाछ एवं लस्सी का निःशुल्क वितरण लगातार किया जा रहा है। इस पहल को स्थानीय लोगों द्वारा काफी सराहा जा रहा है।
संस्था के अध्यक्ष टी. गोपी भैया के नेतृत्व में संगठन को नई ऊर्जा मिली है। उनके अध्यक्ष बनने के बाद कार्यकर्ताओं में उत्साह और सक्रियता बढ़ी है, जिससे समाज सेवा के कार्य और भी व्यापक स्तर पर किए जा रहे हैं।
इस संबंध में टी. गोपी भैया ने कहा कि “मानव सेवा ही सबसे बड़ी सेवा है। हमारा उद्देश्य जाति और धर्म से ऊपर उठकर निरंतर समाज की सेवा करना है।”
तेलुगू वेलफेयर सोसाइटी द्वारा किए जा रहे ये कार्य समाज के लिए एक प्रेरणा बनते जा रहे हैं और आने वाले समय में भी संस्था इसी तरह सेवा कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।




