सुशासन तिहार में लगी जन चौपाल
मंत्री ने ग्रामीणों की सुनी समस्याएं
वन मंत्री श्री कश्यप ने उनकी मांगो को शीघ्र पूरा करने दिलाया भरोसा
नारायणपुर, 06 मई 2026// प्रदेश के वन एवं जलवायु परिवर्तन, परिवहन, सहकारिता एवं संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप का पहली बार नारायणपुर जिले के सुदूर वनांचल क्षेत्र कुतुल आगमन हुआ। ओरछा विकासखंड के ग्राम पंचायत कुतुल में आयोजित सुशासन तिहार के तहत जन चौपाल में उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और त्वरित निराकरण के निर्देश अधिकारियों को दिए।
पेड़ों की छांव में आयोजित इस चौपाल में बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। मंत्री को अपने बीच पाकर ग्रामीणों में खासा उत्साह और खुशी देखने को मिली। ग्रामीणों ने खुलकर अपनी समस्याएं रखीं और पहली बार किसी मंत्री के सीधे गांव पहुंचने पर आभार भी जताया।
चौपाल के दौरान मंत्री श्री कश्यप ने ग्रामीणों से आत्मीय संवाद करते हुए कहा कि शासन की मंशा है कि अंतिम छोर तक बैठे व्यक्ति को योजनाओं का लाभ मिले। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनसमस्याओं का निराकरण प्राथमिकता से और समय-सीमा में किया जाए। ग्रामीणों ने मोबाइल नेटवर्क की समस्या, पेयजल संकट और खेल मैदान की कमी जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठाए। मंत्री ने इन सभी मांगों को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया।
मंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, पेंशन और आवास जैसी योजनाएं सरकार की प्राथमिकता हैं और इनका लाभ हर पात्र हितग्राही तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने ग्रामीणों को जागरूक करते हुए कहा कि गर्भवती महिलाओं का संस्थागत प्रसव अनिवार्य रूप से कराया जाए, जिससे मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाई जा सके।
चौपाल के दौरान उन्होंने आंगनबाड़ी और स्कूलों की नियमित मॉनिटरिंग पर जोर देते हुए सरपंच और सचिवों को जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने गर्भवती महिलाओं की गोदभराई और बच्चों का अन्नप्राशन कर सामाजिक सरोकारों से जुड़ाव भी दिखाया।
ग्राम पंचायत कुतुल में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति भी सामने आई। यहां महतारी वंदन योजना के तहत 114 हितग्राही, नोनी सुरक्षा योजना से 11 हितग्राही तथा प्रधानमंत्री मातृत्व वंदन योजना से 14 हितग्राही लाभान्वित हो रहे हैं। इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 179 हितग्राहियों को आवास स्वीकृत किया गया है, जिससे ग्रामीणों के पक्के घर का सपना साकार हो रहा है।
सुशासन तिहार के अंतर्गत आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में कुल 201 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 162 का मौके पर ही निराकरण कर प्रशासन की सक्रियता का परिचय दिया गया। शेष आवेदनों के लिए संबंधित विभागों को समय-सीमा में कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर मंत्री ने पात्र हितग्राहियों को राशन कार्ड, सुपोषण किट, प्रधानमंत्री आवास योजना के प्रमाण पत्र वितरित किए तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले शासकीय कर्मचारियों को सम्मानित भी किया। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
कुतुल जैसे दूरस्थ क्षेत्र में मंत्री का यह दौरा न केवल प्रशासन और जनता के बीच दूरी कम करने का प्रयास रहा, बल्कि इससे शासन की योजनाओं की जमीनी हकीकत भी सामने आई। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि इस पहल से उनकी समस्याओं का स्थायी समाधान जल्द होगा।
शिविर में जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण मरकाम, नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष इंद्र प्रसाद बघेल, सरपंच छोटेडोंगर संध्या पवार, सरपंच कुतुल, सरपंच धुरबेड़ा, जनप्रतिनिधि कलेक्टर नम्रता जैन,, पुलिस अधीक्षक रॉबिंसन गुरिया, जिला पंचायत सीईओ आकांक्षा शिक्षा खलखो, वन मंडलाधिकारी डॉ. वेंकटेशा एमजी, अपर कलेक्टर बीरेंद्र बहादुर पंचभाई, एसडीएम अभयजीत मंडावी, डॉ सुमित गर्ग, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास डॉ राजेंद्र सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार पटेल, पत्रकारगण सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे|



