विकास और जनविश्वास की नई पहचान बनी भाजपा — केदार कश्यप
नारायणपुर – भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय नारायणपुर में विधायक एवं छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप ने पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से आत्मीय मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा उनके शीघ्र निराकरण का आश्वासन दिया। इस दौरान संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर विस्तृत चर्चा हुई और कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
मंत्री श्री कश्यप ने बंगाल, आसाम एवं पुडुचेरी में भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक विजय पर कार्यकर्ताओं को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह जीत देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के दूरदर्शी नेतृत्व, सुशासन और राष्ट्रहित में लिए गए ऐतिहासिक निर्णयों पर जनता के अटूट विश्वास का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि आज पूरा देश प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में विकास, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता की नई ऊंचाइयों को छू रहा है।
उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय जी के नेतृत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार बनने के बाद प्रदेश विकास और जनकल्याण की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री श्री साय के नेतृत्व में राज्य सरकार गांव, गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के हित में लगातार ऐतिहासिक निर्णय ले रही है, जिसका लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंच रहा है।
मंत्री श्री कश्यप ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्रसेवा और जनकल्याण का मजबूत संकल्प है। हम सभी सौभाग्यशाली हैं कि विश्व के सबसे बड़े राजनीतिक दल भाजपा के कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार की जनहितकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि आज नारायणपुर जिले के दूरस्थ और अंदरूनी क्षेत्रों में भी विकास कार्य तेजी, पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ संचालित हो रहे हैं। जिन क्षेत्रों को वर्षों तक विकास से दूर रखा गया, वहां अब सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं का विस्तार तेजी से हो रहा है।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष संध्या पवार, अध्यक्ष छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज संघ रूपसाय सलाम, अध्यक्ष जिला पंचायत नारायण मरकाम, वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन देवांगन, महिला मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष रमशीला नाग, अध्यक्ष नगर पालिका परिषद इंद्र प्रसाद बघेल, भाजपा जिला महामंत्री द्वय संदीप कुमार झा एवं पंकज जैन सहित पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधिगण एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



