अमित दुबे की रिपोर्ट
रतनपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने रतनपुर नगर के विभिन्न वार्डों में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाकर नागरिकों से मुलाकात की तथा उन्हें केंद्र सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित “विकास के 12 वर्ष” पुस्तिका भेंट की।
जनसंपर्क अभियान के दौरान केंद्रीय मंत्री ने आमजन से सीधे संवाद करते हुए केंद्र सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनहितकारी योजनाओं की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन, आत्मनिर्भरता और जनकल्याण के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, आयुष्मान भारत योजना, जल जीवन मिशन, महतारी वंदन योजना सहित अनेक योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्गों के सशक्तिकरण को सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता बताया।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री ने वार्ड क्रमांक 4 के होरीलाल गुप्ता, वार्ड क्रमांक 14 के राधेश्याम पटेल एवं प्रशांत यादव, थाना पारा वार्ड क्रमांक 2 के नागरिकों तथा कोरबा भांवर क्षेत्र के खोलबहरा सहित वार्ड क्रमांक 1 के रहवासियों से मुलाकात कर उन्हें विकास पुस्तिका प्रदान की। उन्होंने वार्ड क्रमांक 2 की अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी पावनी यादव तथा वार्ड क्रमांक 8 स्थित गिरजावन हनुमान मंदिर के पुजारी गजेंद्र दुबे से भी भेंट कर उनका कुशलक्षेम जाना।
केंद्रीय मंत्री तोखन साहू ने कहा कि बीते 12 वर्षों में भारत ने वैश्विक स्तर पर अपनी मजबूत पहचान स्थापित की है। देश में आधारभूत संरचना, डिजिटल सेवाओं, स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले वर्षों में भी केंद्र सरकार जनहित एवं विकास के नए आयाम स्थापित करेगी।
जनसंपर्क अभियान में भाजपा पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों की सक्रिय सहभागिता रही। इस दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष मोहित जायसवाल, मंडल अध्यक्ष दुर्गा (बबलू) कश्यप, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष लवकुश कश्यप, भाजपा महामंत्री प्रशांत यादव, ज्वाला कौशिक, युवा मोर्चा अध्यक्ष राजू दास मानिकपुरी, ज्ञानेंद्र कश्यप, महिला मोर्चा अध्यक्ष राजकुमारी बिसेन, नीतू सिंह छतरी, स्वीटी शर्मा, पुष्पा तिवारी, पार्षदगण, भाजपा कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
जनसंपर्क के दौरान नागरिकों ने केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं के प्रति सकारात्मक प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए विकास कार्यों की सराहना की तथा जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के प्रयासों की प्रशंसा की।




