अमित दुबे की रिपोर्ट
बिलासपुर/तखतपुर। जिले में अवैध शराब, गांजा एवं नशीले पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष “चेतना अभियान” के तहत थाना तखतपुर पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए एक महिला को 16 लीटर अवैध महुआ शराब के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी महिला के कब्जे से बरामद शराब जब्त कर उसके विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह के निर्देशानुसार जिले भर में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कोटा नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में थाना तखतपुर पुलिस द्वारा क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जा रही थी।
मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ग्राम परसाकांपा में दबिश देकर सुखमणी बाई राजपूत (27 वर्ष), पति अनिल राजपूत, निवासी परसाकांपा, थाना तखतपुर, जिला बिलासपुर को अवैध महुआ शराब के साथ पकड़ा। कार्रवाई के दौरान आरोपी महिला के कब्जे से 16 लीटर महुआ शराब, जिसकी अनुमानित कीमत 3,200 रुपये बताई गई है, बरामद कर जब्त की गई।
पुलिस ने आरोपी महिला के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर गिरफ्तार किया तथा न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी तखतपुर निरीक्षक अवनीश पासवान, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक अनिता देवी, प्रधान आरक्षक रामायण राजपूत, आरक्षक आशीष वस्त्राकर, खेमंत पाल, कलेवश्वर यादव एवं प्रदेश पाली का सराहनीय योगदान रहा।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अवैध शराब एवं नशीले पदार्थों के विरुद्ध “चेतना अभियान” के तहत आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



