नारायणपुर में केंद्रीय बैंक बनने से क्षेत्र वासियों को मिलेगा कृषि कार्य एवं ऋण लेने में बेहतर सुविधाएं
नारायणपुर 16 जून 2026// जिले में आज एक महत्वपूर्ण विकास कार्य का लोकार्पण किया गया। जिला सहकारी केंद्रीय बैंक, नारायणपुर की नवीन शाखा भवन का लोकार्पण वन एवं जलवायु परिवर्तन, परिवहन, सहकारिता और संसदीय कार्य मंत्री श्री केदार कश्यप द्वारा विधिवत रूप से किया गया। लगभग 36 लाख रुपये की लागत से निर्मित यह आधुनिक भवन अब जिले के नागरिकों को बैंकिंग सेवाओं की बेहतर सुविधा उपलब्ध कराएगा।
इस अवसर पर क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, बैंक अधिकारी, सहकारी समितियों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ की गई। वन मंत्री ने फीता काटकर एवं शिलापट्ट का अनावरण कर भवन का उद्घाटन किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि सहकारी बैंक ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ होते हैं और यह शाखा जिले के किसानों, मजदूरों एवं छोटे व्यापारियों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि अंतिम व्यक्ति तक वित्तीय सेवाएं सरल और सुलभ तरीके से पहुंचें।
वन मंत्री ने आगे कहा कि इस नई शाखा के शुरू होने से जिले के लोगों को ऋण लेने, जमा-निकासी करने तथा कृषि संबंधी सुविधाओं का लाभ लेने में अब अधिक सुविधा होगी। विशेषकर किसानों को खाद, बीज एवं कृषि उपकरणों की खरीद के लिए अब दूर नहीं जाना पड़ेगा। इससे समय और धन दोनों की बचत होगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
उन्होंने यह भी बताया कि सहकारी बैंकिंग प्रणाली किसानों को सस्ती ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। इस शाखा के माध्यम से कृषि ऋण, पशुपालन ऋण, स्वरोजगार योजनाओं के तहत ऋण तथा महिला स्वयं सहायता समूहों को वित्तीय सहायता और अधिक प्रभावी ढंग से दी जा सकेगी।
इस अवसर पर बैंक के अधिकारियों ने जानकारी दी कि नई शाखा में आधुनिक सुविधाओं का समावेश किया गया है। ग्राहकों के लिए सुव्यवस्थित काउंटर, डिजिटल बैंकिंग सेवाएं, और पारदर्शी लेन-देन प्रणाली की व्यवस्था की गई है। इससे ग्राहकों को बेहतर और त्वरित सेवाएं मिल सकेंगी।
स्थानीय नागरिकों ने भी इस पहल का स्वागत किया और कहा कि पहले उन्हें बैंकिंग कार्यों के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों में जाना पड़ता था, जिससे समय और संसाधनों की काफी बर्बादी होती थी। लेकिन अब इस शाखा के खुलने से उनकी समस्याएं काफी हद तक कम हो जाएंगी।
कार्यक्रम के अंत में वन मंत्री ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बैंक को जनता के हित में और अधिक सक्रियता से कार्य करना चाहिए तथा पारदर्शिता और सेवा भाव को सर्वोपरि रखना चाहिए। इस प्रकार नारायणपुर जिले में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की यह नई शाखा न केवल एक भवन का लोकार्पण है, बल्कि यह ग्रामीण विकास, आर्थिक सशक्तिकरण और जनकल्याण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम भी है। वन मंत्री श्री कश्यप ने नोडल कार्यालय भवन, बैठक हॉल में शेड निर्माण और शौचालय निर्माण करने की घोषणा किया | कार्यक्रम में 15 किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड और बीज वितरण किया गया |
कार्यक्रम को पूर्व सांसद एवं जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अध्यक्ष दिनेश कश्यप एवं उपाध्यक्ष श्रीनिवास मिश्रा ने भी संबोधित किया | इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य सरकारी लघुवनोपज के अध्यक्ष रूपसाय सलाम, जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण मरकाम, नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष इंद्र प्रसाद बघेल सहित जनप्रतिनिधि, पार्षदगण, जिला पंचायत एवं जनपद पंचायत के सदस्य, कलेक्टर नम्रता जैन, पुलिस अधीक्षक रॉबिनसन गुड़िया, जिला पंचायत सीईओ आकांक्षा शिक्षा खलखो सहित जिला स्तरीय अधिकारी और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे |



