अमित दुबे की रिपोर्ट
बिलासपुर। थाना सिरगिट्टी क्षेत्र में कबाड़ी दुकान में एक युवक को बंधक बनाकर मारपीट करने, जान से मारने की धमकी देने तथा टाटा पिकअप वाहन लूटने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया वाहन भी बरामद कर लिया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना सिरगिट्टी में दर्ज अपराध क्रमांक 445/2026 के तहत धारा 296, 351(3), 115(2), 3(5), 127(2), 308(2) एवं 309(2) बीएनएस के अंतर्गत मामला पंजीबद्ध किया गया है।
प्रार्थी ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि मोहम्मद फिरोज, रोहित, राहुल, रितिक, तौसिफ एवं उनके अन्य साथियों ने उसके साले को एक कबाड़ी दुकान में बंधक बनाकर रखा था। आरोपियों ने गाली-गलौच करते हुए उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी देकर रुपए की मांग की। इतना ही नहीं, आरोपियों ने प्रार्थी का टाटा कंपनी का पिकअप वाहन भी बलपूर्वक अपने कब्जे में ले लिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सिरगिट्टी पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर आरोपियों की पतासाजी शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपी :
मोहम्मद फिरोज (42 वर्ष), निवासी मसानगंज मस्जिद के पास, थाना सिविल लाइन, बिलासपुर।
अब्दुल सफीर (32 वर्ष), निवासी बलराम सिंह प्लॉट, यदुनंदन नगर तिफरा, थाना सिरगिट्टी, बिलासपुर।
पूछताछ के दौरान आरोपी मोहम्मद फिरोज के कब्जे से घटना में लूटा गया टाटा कंपनी का पिकअप वाहन बरामद कर जप्त किया गया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है तथा जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
सिरगिट्टी पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में कानून व्यवस्था के प्रति लोगों का विश्वास और मजबूत हुआ है।



