रतनपुर। जिले में अवैध नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत रतनपुर पुलिस ने एक शराब कोचिये के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 30 पाव देशी प्लेन शराब जप्त की है। मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह के निर्देशन में जिले भर में अवैध शराब, गांजा एवं अन्य मादक पदार्थों के कारोबारियों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) कोटा नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में थाना रतनपुर पुलिस द्वारा विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है।
इसी क्रम में 17 जून 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि बुधवारीपारा रतनपुर निवासी बलदाऊ प्रसाद यादव अपने घर में बड़ी मात्रा में देशी शराब रखकर बिक्री कर रहा है। सूचना के आधार पर थाना प्रभारी उपनिरीक्षक विष्णु यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी के घर पर दबिश दी।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 30 पाव देशी प्लेन शराब (कुल 5.400 लीटर) बरामद की, जिसकी अनुमानित कीमत 2,400 रुपये बताई गई है। पुलिस ने शराब जप्त कर आरोपी बलदाऊ प्रसाद यादव (37 वर्ष), निवासी बुधवारीपारा, रतनपुर के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक विष्णु यादव, सहायक उपनिरीक्षक नीलाकर सेठ, आरक्षक धनराज कुम्भकार एवं आकाश डोंगरे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
रतनपुर पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।



