मध्य प्रदेश | सागर मध्य प्रदेश कलेक्टर संदीप जी. आर. ने सीएम हेल्पलाइन तथा समय सीमा के प्रकरणों में प्रगति लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि सभी जिला अधिकारी इस बात का विशेष ध्यान रखें कि सीएम हेल्पलाइन तथा समय सीमा से संबंधित प्रकरणों को प्राथमिकता पर देखें तथा समय सीमा में निराकृत करें। उन्होंने कहा कि सभी विभागों के अधिकारी कर्मचारियों का वेतन प्रत्येक माह की 1 तारीख को आहरित हो जाए यह, सुनिश्चित कर लें।
सेवा निवृत हो रहे साथियों का ससम्मान मनाएं विदाई समारोह
कलेक्टर ने निर्देश दिए हैं कि हमारे साथ कार्य कर रहे ऐसे सभी साथी अधिकारी/ कर्मचारी जो समय समय पर सेवा निवृत्त होते हैं उनका प्रत्येक माह की अंतिम तारीख को ससम्मान विदाई समारोह मनाया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि हमारी कोशिश रहे कि सेवानिवृत्त हो रहे शासकीय सेवकों के उनके सेवानिवृत्ति के दिन ही समस्त देयकों का भुगतान हो जाए।
कलेक्टर ने समस्त विभागीय अधिकारियों को भी निर्देश दिए हैं कि वे अपने विभागीय अधिकारी कर्मचारियों से संबंधित समस्या/प्रकरण के निवारण के लिए प्रत्येक शनिवार को कलेक्टर कार्यालय में जनसुनवाई स्थल पर शिविर आयोजित का समस्या समाधान करें।
उन्होंने कहा कि सर्वप्रथम शिक्षा विभाग इस शनिवार को शिविर का आयोजन करे और जिनके प्रकरण लंबित हैं उन्हें सूचना देकर कलेक्टर कार्यालय में आमंत्रित कर उनकी समस्याओं का निराकरण करें। इसी प्रकार आगे आने वाले शनिवार के दिन में अलग-अलग विभाग अपने विभाग से संबंधित समस्याओं के निवारण के लिए शिविर लगाकर कार्य करें। कलेक्टर संदीप जी आर ने निर्देशित किया कि सभी एसडीएम शिक्षा विभाग के साथ विद्यालयों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण करें एवं विद्यालयों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों का समय पर खुलना तथा बंद होना सुनिश्चित करें।



