Oplus_131072
बुलंद टाइम्स न्यूज/अमित दुबे
रतनपुर। रतनपुर नगर के वार्ड क्रमांक 6 स्थित बुधवारी पारा, स्कूल कटघोरा मेन रोड पर बिजली के कथित अ-मानक एवं जर्जर खंभे में दौड़ रहे करंट की चपेट में आने से एक गौवंश (सांड) की मौत हो जाने के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है। घटना को लेकर पार्षदों एवं जनप्रतिनिधियों ने रतनपुर थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपकर मामले में प्रथम सूचना रिपोर्ट (एफआईआर) दर्ज करने तथा जिम्मेदार अधिकारियों और संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन में बताया गया है कि उक्त विद्युत खंभे में लंबे समय से करंट प्रवाहित होने की शिकायतें मिल रही थीं, लेकिन इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया। इसी लापरवाही के चलते गुरुवार शाम एक गौवंश (सांड) करंट की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि गौवंश हिंदू समाज की आस्था और धार्मिक विश्वास का प्रमुख प्रतीक है। इस घटना से न केवल एक बेजुबान पशु की जान गई, बल्कि लोगों की धार्मिक भावनाएं भी आहत हुई हैं। स्थानीय नागरिकों ने इसे गंभीर प्रशासनिक लापरवाही बताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
सुनील अग्रवाल वॉर्ड क्र 4 के पार्षद ने कहा कि संबंधित बिजली खंभे अ-मानक गुणवत्ता के हैं और नियमों की अनदेखी कर लगाए गए हैं। पूर्व में भी इन खंभों को लेकर कई शिकायतें की जा चुकी थीं, लेकिन जिम्मेदार विभाग द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उन्होंने आशंका जताई कि यदि समय रहते ऐसे खंभों की जांच और सुधार नहीं किया गया तो भविष्य में किसी भी समय बड़ी जनहानि हो सकती है।
ज्ञापन में पुलिस प्रशासन से मांग की गई है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर विद्युत विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों एवं संबंधित ठेकेदारों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज की जाए तथा आवश्यक कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
इस ज्ञापन पर वार्ड के पार्षदों एवं जनप्रतिनिधियों ने हस्ताक्षर कर घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए नगर में जर्जर एवं करंटयुक्त बिजली खंभों की तत्काल जांच कर सुरक्षित विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।



