Oplus_131072
जल संसाधन और राजस्व विभाग के तालमेल की कमी से परेशान हैं किसान, रणजीत सिंह चंदेल के नेतृत्व में कलेक्टर से की मुलाकात।
बुलंद टाइम्स न्यूज, खैरागढ़। जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई (केसीजी) के अंतर्गत गंडई तहसील के ग्राम पथर्रा, छिराहीडीह और बिरनपुरकला के किसानों को आ रही व्यावहारिक समस्याओं को लेकर कृषक प्रतिनिधियों ने कलेक्टर महोदय से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान क्षेत्र के प्रमुख नागरिक रणजीत सिंह चन्देल एवं शिवम श्याम सुन्दर जंघेल के नेतृत्व में किसानों ने कलेक्टर को एक ज्ञापन सौंपकर राजस्व अभिलेखों तथा सरकारी नक्शे में नहर सीमा का चिन्हांकन (नक्शा दुरुस्ती) कराने की मांग की। कलेक्टर ने मामले की गंभीरता को देखते हुए इस पर शीघ्र उचित कार्रवाई करने का ठोस आश्वासन दिया है।
सौपे गए आवेदन में बताया गया है कि बेमेतरा जल संसाधन विभाग एवं जल संसाधन उप संभाग साजा के अंतर्गत पत्थर्रा सुरही नदी पर डायवर्सन निर्मित है। इस डायवर्सन की दाईं ओर की मुख्य नहर गंडई तहसील के ग्राम पथर्रा, छिराहीडीह एवं बिरनपुरकला से होकर गुजरती है। नहर निर्माण के समय विभाग द्वारा प्रभावित किसानों की जमीनों का अधिग्रहण कर उन्हें मुआवजे का भुगतान भी किया जा चुका है।
अभिलेखों में विसंगति से परेशान हैं किसान…
रणजीत सिंह चन्देल ने कलेक्टर को बताया कि मुआवजा वितरण और नहर निर्माण को लंबा समय बीत जाने के बाद भी जल संसाधन और राजस्व विभाग के बीच समन्वय की कमी के कारण सरकारी नक्शों व राजस्व अभिलेखों में अब तक सुधार (नक्शा दुरुस्ती) नहीं किया गया है। इसके चलते कागजों पर वह अधिग्रहित भूमि आज भी किसानों के नाम पर दर्ज दिख रही है, जबकि मौके पर वास्तविक रूप से नहर बन चुकी है।
बैंक ऋण और क्रय-विक्रय में आ रही बाधा…
इस तकनीकी खामी के कारण क्षेत्र के किसानों को अपनी शेष बची हुई निजी भूमि के सीमांकन, जमीन के क्रय-विक्रय, बैंक से किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) ऋण प्राप्त करने तथा अन्य आवश्यक राजस्व संबंधी कार्यों में भारी मानसिक और व्यावहारिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
अभियान चलाकर सुधार की मांग, कलेक्टर ने दिया आश्वासन
किसानों ने कलेक्टर से विनम्र आग्रह किया है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए संबंधित जल संसाधन विभाग और राजस्व अधिकारियों (एसडीएम/तहसीलदार) को तत्काल निर्देशित किया जाए। तीनों प्रभावित गांवों में विशेष अभियान चलाकर राजस्व नक्शों और अभिलेखों में सुधार कराया जाए ताकि किसानों को इस वर्षों पुरानी समस्या से स्थायी मुक्ति मिल सके। मुलाकात के दौरान रणजीत सिंह चन्देल, श्याम सुन्दर जंघेल सहित अन्य कृषक उपस्थित रहे। कलेक्टर ने पूरी समस्या को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को निर्देशित कर जल्द से जल्द निराकरण करने की बात कही है।



